अनियंत्रित स्कॉर्पियो सवार 8 लोगों की मौत,जेसीबी से निकाली लाशें,ईलाज के दौरान दो की मौत,मुख्यमंत्री ने जताया शोक

बलरामपुर-रामानुजगंज,03 नवंबर 2024 – जिले के राजपुर में रविवार रात एक दिल दहला देने वाले सड़क हादसे में 8 लोगों की जान चली गई। राजपुर-कुसमी मार्ग पर ग्राम लडुवा के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पानी से भरी डबरी में जा गिरी, जिसमें एक ही परिवार के 4 लोगों सहित 8 लोगों की मौत हो गई। यह घटना रात करीब 8:30 बजे हुई, जब स्कॉर्पियो सूरजपुर की ओर जा रही थी।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया। राजपुर पुलिस और ग्रामीणों ने JCB की मदद से पानी में डूब चुकी स्कॉर्पियो को बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि टक्कर के बाद स्कॉर्पियो के दरवाजे लॉक हो गए थे, जिससे अंदर फंसे लोग बाहर नहीं निकल सके। इसके बाद सभी को राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, सभी स्कॉर्पियो सवार कुसमी क्षेत्र के लरिमा गांव से सूरजपुर के लिए निकले थे। हादसे में जान गंवाने वालों में एक ही परिवार के चार सदस्य भी शामिल हैं। हादसे की सूचना मिलने पर मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। इस दुर्घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है।

हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की पहचान इस प्रकार है:

चंद्रावती (पति संजय मुंडा)

कृति (पिता संजय मुंडा)

संजय मुंडा (पिता वासुदेव)

उदयनाथ (पिता रामेश्वर)

मंगल दास (पिता धनश्याम मुंडा)

भूपेंद्र (पिता हरिलाल)

अभी-अभी मिली जानकारी के अनुसार, घायल बालेश्वर प्रजापत और चालक मुकेश की भी मौत हो गई है।

प्रशासन ने संभाली स्थिति

घटना की जानकारी मिलने के बाद राजपुर BMO डॉ. राम प्रसाद और डॉ. आलोक मिश्रा ने स्थिति का जायजा लिया। राजपुर तहसीलदार यशवंत कुमार और पुलिस की टीम भी हॉस्पिटल पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

मुख्यमंत्री ने जताया शोक

इस हादसे पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन को हरसंभव सहायता देने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस हृदयविदारक घटना से वह बेहद दुखी हैं और पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद प्रदान की जाएगी।