बड़ी खबर:अंधेरी रात में जंगल के अंदर चल रहे बड़े खेल को पुलिस ने ऐसे बिगाड़ा,,,एक गिरफ्तार बाकी फ़रार,,

IMG 20241123 WA0007

जशपुर,23 नवंबर 2024 – कुनकुरी पुलिस ने कुंजारा सागौन की बड़ी तस्करी पकड़ी है।टीआई सुनील सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि केरसई गांव का पंकज यादव कुंजारा के सागौन जंगल मे दो जिंदा पेड़ काट दिया है और उसे टुकड़ों में काटकर ट्रैक्टर में ले जानेवाला है।यह सूचना शनिवार ढाई बजे मिली।तत्काल रात्रि गश्ती टीम के साथ सुनील सिंह जंगल के अंदर घुसे और ट्रैक्टर में लोड कर रहे तस्कर पंकज यादव पिता नकुल यादव उम्र 35 वर्ष को धर दबोचा।वहीं पेड़ काटने वाले मजदूर अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग निकले। यहां यह बताना जरूरी है कि कुंजारा के जंगल से बेशकीमती सागौन की लकड़ी बड़े तस्करों के निशाने पर रहती है।पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने हर प्रकार के अवैध कार्यों पर सख़्त कार्रवाई के निर्देशों का असर है कि पुलिस ने सभी क्षेत्रों में अपना मुखबिर फैला दिया है। थाना प्रभारी सुनील सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस गश्ती दल को रवाना किया। आधे घण्टे के भीतर हमारी टीम जंगल में उस जगह पहुंच गई जहां वन अपराधी ने पेड़ काट डाले थे।मौके पर सागौन के 10 लट्ठे परिवहन के लिए ट्रैक्टर पर लोड मिले।जिसकी सूचना वन विभाग को देकर अग्रिम कारवाई के लिए सौंप दिया गया है। कुनकुरी रेंज अफसर सुरेंद्र होता ने बताया कि यह कुंजारा वन क्षेत्र के आर.एफ. 719 का मामला है जहां सागौन का वृक्षारोपण काफी पुराना है।जहां हमें भी सूचना मिली थी कि कुछ लोग जंगल के अंदर लकड़ी काटने घुसे हैं।जिसपर वन अमले और वन सुरक्षा समिति को अलर्ट किया गया।कुनकुरी पुलिस के सहयोग से ट्रैक्टर समेत सागौन पेड़ के ताजे कटे गोले बरामद किए गए हैं।वन अधिनियम 1927 की धारा 52 व अन्य धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। बेशकीमती सागौन लकड़ी की अवैध कटाई व तस्करी के मामले का पर्दाफाश करने में कुनकुरी थाना प्रभारी सुनील सिंह,गोविंद यादव,देवनाथ साय, प्रदीप एक्का की सक्रिय भूमिका रही।

जशपुर पुलिस की ऐतिहासिक कार्रवाई: कबाड़ी कारोबार पर सख्त शिकंजा, लाखों की नकदी और अवैध संपत्ति जब्त

IMG 20241122 130821

जशपुर,22 नवम्बर 2024//  जिले में अवैध कारोबारियों पर शिकंजा कसते हुए पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह के नेतृत्व में शुक्रवार सुबह कबाड़ी कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस ने गुप्त सूचना पर बनाई गई विशेष रणनीति के तहत पत्थलगांव, कांसाबेल और कुनकुरी सहित कई स्थानों पर छापेमारी कर लाखों रुपये की नकदी और भारी मात्रा में अवैध कबाड़ बरामद किया। गुप्त सूचना पर बनी रणनीति एसपी शशिमोहन सिंह को अवैध कबाड़ी कारोबार की जानकारी मिलने के बाद एक विशेष अभियान चलाने की योजना बनाई गई। शुक्रवार सुबह 4 बजे पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर एक साथ कार्रवाई शुरू की। कबाड़ गोदामों पर बड़ी बरामदगी 1. पत्थलगांव: तीन गोदामों में भारी अवैध कबाड़ पुलिस ने पत्थलगांव में कबाड़ी बिट्टू, सुंदर और विक्की के गोदामों पर छापा मारा। यहां से लोहे और अन्य धातुओं का अवैध भंडारण मिला। 2. कांसाबेल: कबाड़न के पास से लाखों रुपए नगद मिले कांसाबेल में कबाड़न पूनम साहू के गोदाम से सैकड़ों कांसे और पीतल के बर्तन बरामद किए गए। इसके अलावा, 22 लाख 30 हजार रुपये नकद मिले, जिसके संबंध में पूनम कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी। पुलिस ने इस मामले की सूचना आयकर विभाग को दी है। 3. कुनकुरी: सरकारी संपत्ति का दुरुपयोग उजागर कुनकुरी के गिनाबहार गांव में कबाड़ी निजाबुल आलम के गोदाम से सरकारी सप्लाई के झूलों और रेलिंग का अवैध भंडार बरामद हुआ। यह सरकारी संपत्ति के दुरुपयोग का गंभीर मामला है। एसपी शशिमोहन सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई जिले में संगठित अपराधों पर लगाम लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा, “जिले में किसी भी तरह के अवैध कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।” एसपी शशिमोहन सिंह ने इससे पहले मवेशी तस्करी और गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क को ध्वस्त किया है। इस ताजा कार्रवाई ने जिले के अवैध कारोबारियों में हड़कंप मचा दिया है और संगठित अपराधों पर कड़ी चोट की है। पुलिस की इस ऐतिहासिक कार्रवाई की जिलेवासियों ने सराहना की है। लोगों का मानना है कि एसपी शशिमोहन सिंह के नेतृत्व में जिले में अपराधों पर लगाम लगाने के प्रयास तेजी से सफल हो रहे हैं।ऐसी कार्रवाई न केवल कानून-व्यवस्था को मजबूत करेगी, बल्कि संगठित अपराधों को समाप्त करने में मील का पत्थर साबित होगी।  

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सपत्नीक मां दंतेश्वरी की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के कल्याण की कामना की

IMG 20241119 WA0004

रायपुर, 19 नवम्बर 2024// दंतेवाड़ा में आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आराध्य देवी मां दंतेश्वरी की पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की। इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी कौशल्या देवी साय और परिवार के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे। पूजा-अर्चना के दौरान विधायक चैतराम अटामी, राज्य महिला आयोग की सदस्य ओजस्वी मण्डावी और अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, बस्तर कमिश्नर डोमन सिंह सहित अन्य अधिकारीगण ने भी भाग लिया। मुख्यमंत्री ने मां दंतेश्वरी का आशीर्वाद लेते हुए प्रदेश की जनता के लिए शांति और प्रगति की कामना की। इस धार्मिक आयोजन में उपस्थित जनसमूह ने भी देवी मां के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की और क्षेत्र में समृद्धि और विकास के लिए प्रार्थना की।  

एसपी शशिमोहन सिंह ने 06 आरक्षकों को फित्ति लगाकर प्रधान आरक्षक पद पर किया पदोन्नत

IMG 20241118 WA0038

जशपुर,18 नवम्बर 2024// जिले में कार्यरत 06 आरक्षक पदोन्नत होकर प्रधान आरक्षक बने। पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी ने आज दिनांक 18.11.2024 को पुलिस कार्यालय में प्रधान आरक्षक के पद पर पदोन्नति प्राप्त करने वाले आर.क्र. 301 भरत कुमार साहू, आर.क्र.64 वृतनारायण भगत, आर.क्र. 258 मुनेष्वर राम, आर.क्र. 20 छविकांत पैंकरा, आर.क्र. 115 राजेन्द्र साय एवं आर.क्र. 147 चंद्र विजय साय को फित्ती लगाकर पदोन्नत किया। उपरोक्त कर्मचारियों का नवीन पदस्थापना पृथक से जारी किया जायेगा। पुलिस अधीक्षक ने पदोन्नत हुए कर्मचारियों को कहा कि जनता के हित में कार्य करें, फरियादी को न्याय दिलाने की दिशा में त्वरित एक्शन ले और सौपें गए दायित्वों का पूर्ण निष्ठा के साथ ईमानदारी से निर्वहन करें। उन्होंने पदोन्नत हुए कर्मचारियों को उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। इस दौरान उप पुलिस अधीक्षक भावेश समरथ, रक्षित निरीक्षक अमरजीत खूंटे, स्थापना लिपिक बिहारीलाल साहू एवं कर्मचारियों के परिजन भी उपस्थित थे।

कलेक्टर रोहित व्यास ने ‘अन्वेषण’ कार्यक्रम का किया शुभारंभ : अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति विद्यार्थियों की रुचि जगाने की नई पहल को दिखाई हरी झंडी

IMG 20241118 WA0027

जशपुर, 18 नवंबर 2024// जिले के विद्यार्थियों में अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति रुचि और जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने “अन्वेषण” कार्यक्रम के तहत अंतरिक्ष ज्ञान अभियान की शुरुआत की। इस अभियान का शुभारंभ कलेक्टर रोहित व्यास ने स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिंदी माध्यम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जशपुर में किया। कलेक्टर ने विशेष रूप से डिजाइन किए गए उपकरणों और मॉडलों से सुसज्जित चलित वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो जिले के विद्यालयों और छात्रावासों में भ्रमण करेगा। विद्यार्थियों को मिलेगा अंतरिक्ष की गहराइयों का ज्ञान अंतरिक्ष ज्ञान अभियान का लक्ष्य विद्यार्थियों को भारत की अंतरिक्ष उपलब्धियों और अंतरिक्ष विज्ञान में करियर की संभावनाओं के बारे में शिक्षित करना है। विशेषज्ञों की टीम जिले के 45 हायर सेकेंडरी स्कूलों में लगभग 12,000 से अधिक विद्यार्थियों के साथ सत्र आयोजित करेगी। ये सत्र 18 नवंबर से 4 दिसंबर तक चलेंगे और प्रत्येक स्कूल में 2 घंटे का कार्यक्रम होगा। कार्यक्रम में उपग्रह प्रक्षेपण यानों जैसे एसएलवी, पीएसएलवी, एएसएलवी, जीएसएलवी, एलएमवी, और चंद्रयान, मंगलयान, गगनयान मिशन के साथ-साथ विभिन्न टेलीस्कोप, उपग्रह और अंतरिक्ष उपकरणों का प्रदर्शन किया गया। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को भारत की अंतरिक्ष परियोजनाओं और उनके पीछे की तकनीक के बारे में जानकारी दी। कलेक्टर श्री व्यास ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा, “भारत आज अंतरिक्ष क्षेत्र में एक महाशक्ति बन चुका है। सूर्य, चंद्रमा और मंगल के अभियानों से लेकर गगनयान मिशन तक, हमारा देश नई ऊंचाइयों को छू रहा है। इस अभियान का उद्देश्य बच्चों को इन उपलब्धियों से जोड़ते हुए उन्हें अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रोत्साहित करना है।” कल्पना चावला और सुनीता विलियम्स बनने का मौका कलेक्टर ने अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में प्रसिद्ध वैज्ञानिकों और अंतरिक्ष यात्रियों जैसे कल्पना चावला, सुनीता विलियम्स और राकेश शर्मा का उदाहरण देते हुए कहा कि जशपुर के विद्यार्थी भी इस क्षेत्र में अपना नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने कहा, “इस अभियान के माध्यम से बच्चों को अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के भविष्य और इससे जुड़ी अपार संभावनाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी।” विशेषज्ञों की टीम का मार्गदर्शन इग्नाइटिंग ड्रीम्स ऑफ यंग माइंड्स फाउंडेशन (आईडीवायएम) द्वारा संचालित इस कार्यक्रम में जिला प्रशासन द्वारा नियुक्त 5 सदस्यीय विशेषज्ञ दल प्रत्येक विद्यालय में विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देगा। ये विशेषज्ञ अंतरिक्ष अभियानों, प्रक्षेपण तकनीकों और अंतरिक्ष विज्ञान में नवाचारों पर प्रकाश डालेंगे। भारत का अंतरिक्ष भविष्य: गगनयान और उससे आगे कार्यक्रम में बताया गया कि भारत गगनयान मिशन के जरिए अपने अंतरिक्ष स्टेशन की स्थापना की तैयारी कर रहा है। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रेरित करना है ताकि वे भी इस उभरते हुए क्षेत्र का हिस्सा बन सकें। वैज्ञानिक सोच का विकास अंतरिक्ष ज्ञान अभियान का उद्देश्य केवल ज्ञान देना नहीं, बल्कि वैज्ञानिक सोच और नवाचार को बढ़ावा देना है। इस अभियान से विज्ञान के प्रति रुचि रखने वाले विद्यार्थियों को अपने भविष्य को दिशा देने का एक सुनहरा मौका मिलेगा। विद्यार्थियों के लिए यह अभियान न केवल अंतरिक्ष विज्ञान की जटिलताओं को सरल बनाएगा, बल्कि उनके सपनों को नई उड़ान भी देगा।  

खलिहान से पहले ही बिचौलियों तक कैसे पहुंच रहा धान? सरकार को चूना लगाने की कोशिश हुई फेल पढ़िए पूरी स्टोरी,,

IMG 20241118 WA0024

जशपुर, 18 नवंबर 2024 // जिले में अवैध धान परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए कलेक्टर श्री रोहित व्यास के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। सन्ना में तहसीलदार, खाद्य निरीक्षक, आरआई और पटवारी की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर नीलेश कुमार गुप्ता के घर से 300 बोरी अवैध धान जब्त किया। सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पाया गया कि भंडारित धान के संबंध में मालिक कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। कलेक्टर द्वारा गठित टास्क फोर्स और चेक पोस्टों पर निगरानी के कारण जिले में अन्य राज्यों से अवैध धान की आवक और फर्जी किसानों के नाम पर धान बिक्री की कोशिशों पर कड़ी रोकथाम की जा रही है। अवैध धान पर जिला प्रशासन सख्त कलेक्टर रोहित व्यास ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि जिले में धान खरीदी अवधि के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिले की 21 चेक पोस्टों पर तीन पालियों में अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की गई है। वहीं, किसानों के खेतों से बाहर के स्रोतों से धान की खरीदारी की कोशिशों को नाकाम करने के लिए विशेष उड़नदस्ता टीम सतर्क है। ग्रामीणों की सूचना से मिली सफलता सन्ना की कार्रवाई में ग्रामीणों से मिली सूचना अहम रही। प्रशासन की अपील पर नागरिक अब अवैध गतिविधियों की जानकारी देने में सहयोग कर रहे हैं। इस सफलता के बाद कलेक्टर ने ग्रामीणों को धन्यवाद देते हुए कहा कि अवैध धान भंडारण और परिवहन पर रोक लगाने के लिए जनभागीदारी अहम है। फर्जी किसानों पर भी कड़ी नजर प्रश्शासनिक अधिकारियों द्वारा इस बात की आशंका जताई गई थी कि कोचियों और बिचौलियों द्वारा अन्य राज्यों से लाए गए धान को स्थानीय किसानों के पंजीयन में खपाने की कोशिशें हो सकती हैं। इस संदर्भ में सन्ना की यह कार्रवाई एक कड़ा संदेश है कि प्रशासन ऐसी किसी भी गतिविधि को सफल नहीं होने देगा। जिला प्रशासन की इस कार्रवाई ने यह साबित कर दिया है कि किसानों के हितों की रक्षा के लिए अवैध धान व्यापारियों और बिचौलियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।  

जशपुर: धान खरीदी केंद्रों में किसानों को मिलेंगी सभी सुविधाएं – कलेक्टर रोहित व्यास

IMG 20241109 WA0028

जशपुर, 18 नवम्बर 2024: किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिले के धान खरीदी केंद्रों में बुनियादी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर रोहित व्यास ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में बैठक ली। बैठक में सभी समिति प्रबंधकों और धान खरीदी केंद्रों के प्रभारियों के साथ सहकारिता विभाग के सहायक पंजीयक, जिला विपणन अधिकारी श्री अजय कुमार, मार्कफेड और अपेक्स बैंक के नोडल अधिकारी श्री मो. अब्दुल कलाम आजाद सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार कलेक्टर ने सभी पंजीकृत किसानों की प्राथमिकता से धान खरीदी सुनिश्चित करने को कहा है और समय पर टोकन जारी करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने खरीदी केंद्रों में छाया, पानी, शौचालय, और पर्याप्त बारदाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही साफ-सफाई रखने के निर्देश भी दिए हैं। बुनियादी सुविधाओं पर जोर: कलेक्टर ने कहा कि हर धान खरीदी केंद्र में कंप्यूटर, इंटरनेट कनेक्शन, इलेक्ट्रॉनिक तोल कांटा, बायोमेट्रिक डिवाइस, आद्रतामापी यंत्र, स्टेनसिल, सुतली, डाटा एंट्री ऑपरेटर, त्रिपाल, प्राथमिक उपचार की किट, और समर्थन मूल्य के पोस्टर जैसी सुविधाएं होनी चाहिए। उड़नदस्ता दल चौकस रहकर तुरंत करेगा कार्रवाई धान खरीदी के दौरान किसी प्रकार का अवैध धान परिवहन न हो, इसके लिए कलेक्टर ने उड़नदस्ता दल को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि अगर कोचिया और बिचौलियों के माध्यम से अवैध धान परिवहन की कोई भी सूचना मिले, तो तत्काल कार्रवाई की जाएगी।इस निर्देश के बाद चर्चा हो रही है कि उड़नदस्ता दल बाज पक्षी की तरह चौकस रहकर ऐसी गतिविधियों पर नजर रखेंगे। कलेक्टर रोहित व्यास के इन सख्त निर्देशों के बाद किसान संगठनों को उम्मीद है कि धान खरीदी केंद्रों पर उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा और खरीद प्रक्रिया सुगम और पारदर्शी तरीके से संचालित होगी।  

संघर्ष की मिट्टी से खिली रितिका: बैडमिंटन रैकेट ने बदली तकदीर, मुख्यमंत्री साय ने वीडियो कॉल कर दी शाबासी

IMG 20241117 155237

रायपुर, 17 नवंबर 2024: संघर्ष और समर्पण की कहानी धमतरी की रितिका ध्रुव की है, जिसने बैडमिंटन के प्रति अपने जुनून से न सिर्फ अपनी पहचान बनाई, बल्कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से सीधे संवाद करने का मौका भी पाया। वीडियो कॉल पर मुख्यमंत्री ने न केवल रितिका के जज़्बे को सराहा, बल्कि उसकी हर संभव मदद का वादा कर छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं को प्रेरित करने की मिसाल पेश की। खेल के प्रति जुनून ने रचा इतिहास मजदूर पिता और आंगनबाड़ी सहायिका मां की बेटी रितिका ने कभी नहीं सोचा था कि उसकी मेहनत और लगन एक दिन उसे मुख्यमंत्री के सामने ला खड़ा करेगी। बचपन से ही बैडमिंटन के खेल में रुचि रखने वाली रितिका ने संसाधनों की कमी के बावजूद अपनी इच्छाशक्ति से वह मुकाम हासिल किया, जिसे पाना कई के लिए सपना बनकर रह जाता है। रितिका ने मुख्यमंत्री से बताया कि उसने बेंगलुरु में खेलो-इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स और ओडिशा में नेशनल टूर्नामेंट में हिस्सा लिया। उसकी तमन्ना है कि वह ओलंपिक में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीते। मुख्यमंत्री श्री साय ने इस सपने को साकार करने के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। मुख्यमंत्री का स्नेह और समर्थन वीडियो कॉल पर मुख्यमंत्री ने रितिका से आत्मीयता से बातचीत की। उन्होंने न सिर्फ उसकी खेल प्रतिभा को सराहा, बल्कि यह भी सुनिश्चित किया कि उसे बैडमिंटन में आगे बढ़ने के लिए राज्य सरकार का पूरा सहयोग मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा, “खूब आगे बढ़िए, अपने माता-पिता और प्रदेश का नाम रोशन कीजिए। छत्तीसगढ़ सरकार आपकी हर जरूरत में आपके साथ खड़ी है।” खेल और शिक्षा दोनों में मिसाल रितिका केवल एक होनहार खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि एक समर्पित छात्रा भी है। वह वर्तमान में बीए अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रही है। मुख्यमंत्री ने उसे खेल के साथ पढ़ाई पर भी पूरा ध्यान देने की सलाह दी और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। रितिका का कहना है कि मुख्यमंत्री से हुई बातचीत ने उसकी हिम्मत को नया पंख दिया है। खेल प्रतिभाओं को पंख दे रहे मुख्यमंत्री साय छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए मुख्यमंत्री श्री साय लगातार प्रयासरत हैं। हाल ही में उन्होंने पर्वतारोही निशा को किलिमंजारो पर्वत फतह करने के लिए मदद का वादा किया था। अब रितिका के संघर्ष और लगन को देखकर उन्होंने उसकी हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया है। संघर्ष की कहानी, सफलता की उड़ान रितिका की यह कहानी बताती है कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी कठिन हों, जज़्बा और मेहनत हर मुश्किल को पार कर सकते हैं। मुख्यमंत्री से हुए संवाद ने रितिका को न केवल प्रेरित किया, बल्कि यह भी दिखाया कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं को अब वह समर्थन मिल रहा है, जिसकी उन्हें दरकार थी। रितिका ध्रुव जैसी प्रतिभाएं न केवल राज्य का गौरव हैं, बल्कि उनके संघर्ष और सफलता की कहानी आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेंगी।  

अभी-अभी: बगीचा-कांसाबेल रोड में भयंकर सड़क हादसा,बाइक सवार एक की मौत,2 गम्भीर

IMG 20241117 143748

 जशपुर,17 नवम्बर 2024// अभी-अभी खबर मिली है कि बगीचा-कांसाबेल रोड पर रूपसेरा भड़िया में पिकप और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई है।टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए है तो बाइक सवार तीन ग्रामीण खून से लथपथ सड़क पर पड़े हैं।घटना के प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पिकप शरद इंडेन गैस बगीचा की है जो गैस टँकी लेकर कांसाबेल की ओर जा रहा था,उधर विपरीत दिशा से मोटरसाइकिल सवार तीन लोग आ रहे थे कि टक्कर हो गई।इस सड़क हादसे में बाइक सवार  एक व्यक्ति की मौत होने की खबर है,वहीं दो अन्य गम्भीर रूप से घायल हो गए हैं।बगीचा पुलिस ने सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर एम्बुलेंस से तीनों ग्रामीणों को बगीचा अस्पताल भेजा है।अभी एक ग्रामीण के मौत की पुष्टि नहीं हुई है।बाइक सवार तीनों ग्रामीण(बगीचा) लोटा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।

जशपुर: कुसमी से गायब महिला और दो बच्चों के कंकाल मिलने के बाद परिवार ने किया अंतिम संस्कार, दोषियों को फांसी देने की मांग

Picsart 24 11 16 18 46 48 206

जशपुर,16 नवम्बर 2024 // बलरामपुर जिले के कुसमी क्षेत्र में सितंबर माह में गायब हुई महिला कौशल्या ठाकुर और उनके दो बच्चों के कंकाल मिलने के बाद आज मृतिका के मायकेवालों ने जशपुर जिले के गांव बंदरचुवां में उनका अंतिम संस्कार किया। घटना को लेकर परिजनों और सर्व नाई समाज ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और कुसमी थाना प्रभारी को बर्खास्त करने की मांग की है। गायब होने की घटना और पुलिस पर लापरवाही का आरोप 27 सितंबर को जितिया पर्व के अगले दिन, कौशल्या ठाकुर अपने पति को बाजार जाने की बात कहकर दोनों बच्चों के साथ घर से निकली थीं। जाते समय उन्होंने अपने पति से कहा था कि देर हो सकती है, इसलिए चूल्हा जला देना। इसके बाद वह घर नहीं लौटीं। कौशल्या के पति सूरजदेव ठाकुर ने बताया, “हमने दो दिन इंतजार किया और फिर मायकेवालों के साथ कुसमी थाने में सूचना दी। लेकिन थाना प्रभारी ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और 1 अक्टूबर तक गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं की। 5 अक्टूबर को दोबारा जाने पर रिपोर्ट दर्ज हुई। हमने संदिग्धों के नाम और अंतिम लोकेशन के बारे में भी पुलिस को जानकारी दी, लेकिन जांच में काफी देरी की गई। अब जाकर उनकी हत्या की पुष्टि हुई है।” सर्व नाई समाज की नाराजगी इस हत्याकांड से नाई समाज में भारी रोष है। सर्व नाई समाज के जिला अध्यक्ष उमाशंकर ठाकुर ने दोषियों को फांसी देने की मांग की। उन्होंने कहा, “मृतिका के परिवार को न्याय दिलाना जरूरी है। सरकार को मृतिका की इकलौती बची बेटी के भविष्य की चिंता करनी चाहिए।” सर्व नाई समाज के विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष अर्जुन ठाकुर ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा, “जब महिला और बच्चे गायब हुए थे, तब केवल गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करना और मामले को हल्के में लेना गंभीर लापरवाही है। पुलिस को इस मामले में सक्रिय होकर पहले ही कार्रवाई करनी चाहिए थी।” मामले में दो संदिग्ध गिरफ्तार परिजनों ने बताया कि बलरामपुर पुलिस ने हत्याकांड में शामिल दो लोगों को गिरफ्तार किया है। हालांकि, घटना का विस्तृत खुलासा अभी बाकी है। मृतिका के भांजे बिट्टू श्रीवास ने कहा, “पुलिस की लापरवाही की वजह से हमने अपनी बुआ और उनके बच्चों को खो दिया। हम दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग करते हैं।” परिजनों की मांग परिजनों और नाई समाज ने मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन से अपील की है कि इस जघन्य हत्याकांड में शामिल सभी दोषियों को फांसी की सजा दी जाए और लापरवाह थाना प्रभारी को तुरंत बर्खास्त किया जाए। अपनों का दर्द कुछ यूँ छलका –  सूरजदेव ठाकुर, मृतिका के पति: “कौशल्या और बच्चों के गायब होने के बाद हमने पुलिस को जानकारी दी थी। लेकिन उन्होंने इसे गंभीरता से नहीं लिया। अगर समय पर कार्रवाई होती, तो शायद आज वे हमारे साथ होते।”  उमाशंकर ठाकुर, जिलाध्यक्ष सर्व नाई समाज: “यह घटना न सिर्फ परिवार के लिए बल्कि पूरे समाज के लिए दुखद है। दोषियों को फांसी दी जानी चाहिए और परिवार की आर्थिक मदद होनी चाहिए।” अर्जुन ठाकुर, प्रदेश उपाध्यक्ष, विधि प्रकोष्ठ, सर्व नाई समाज: “पुलिस ने शुरू से ही इस मामले में लापरवाही दिखाई। ऐसे अधिकारियों को बर्खास्त किया जाना चाहिए।” बिट्टू श्रीवास, मृतिका का भांजा: “हम चाहते हैं कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले और यह सुनिश्चित हो कि भविष्य में ऐसा किसी और परिवार के साथ ऐसा बुरा न हो।”