जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: जाली नोट व्यापार में शामिल दो और आरोपी गिरफ्तार

जशपुर, 15 अक्टूबर 2024: जशपुर पुलिस ने जाली नोटों के व्यापार में लिप्त फरार आरोपियों सुधन यादव और मंगलू उर्फ मंगल मालाकार को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले इस मामले में सम्पत कुमार टोप्पो, ललित कुमार त्रिपाठी, और अर्जुन राम को पहले ही हिरासत में लिया जा चुका है। पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान एक मोटरसाइकिल और HP Ink Tank 316 कलर प्रिंटर भी जब्त किया, जिसका इस्तेमाल जाली नोट छापने में किया जा रहा था।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी मंगलू उर्फ मंगल मालाकार अपने ससुराल ग्राम में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे वहां से गिरफ्तार किया। वहीं, सुधन यादव को उसके गांव से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने नकली नोटों के व्यापार में अपनी संलिप्तता कबूल की है।

इससे पहले, 30 जून 2024 को पुलिस ने सम्पत कुमार टोप्पो को 500 रुपये के 150 जाली नोटों और 49 हजार रुपये असली नकदी के साथ गिरफ्तार किया था। सम्पत ने खुलासा किया था कि उसे ललित त्रिपाठी ने नकली नोटों के बदले असली नोट देने का लालच दिया था। इसके बाद पुलिस ने ललित त्रिपाठी और अर्जुन राम को भी गिरफ्तार किया था।

मामले की जांच जारी है, और पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 489(बी), 489(सी), और 120(बी) के तहत मामला दर्ज किया है।