
जशपुर/कुनकुरी, 1 अगस्त 2024: जिले के नारायणपुर रेंज के अंतर्गत बिलासपुर डुमरटोली बस्ती में बीती रात एक जंगली हाथी ने 55 वर्षीय जगरनाथ राम चौहान को उनके घर पर हमला कर मार डाला। यह घटना रात करीब ढाई से तीन बजे के बीच हुई, जब हाथी ने उनके घर को तोड़ दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि घटना के दौरान, हाथी गश्ती दल ने समय रहते ग्रामीणों को अलर्ट किया था, जिससे परिवार के बाकी सदस्य पक्के मकान में सुरक्षित चले गए। हालांकि, जगरनाथ राम चौहान मिट्टी के मकान में ही रह गए और जब हाथी ने मकान को तोड़ा, तो बाहर निकलते समय उनका हाथी से सामना हो गया। हाथी ने उन्हें सूंड में लपेटकर कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।इससे पहले 27 जुलाई को तपकरा रेंज के केरसाई में हाथी के हमले में दो सगे भाइयों की मौत हो गई थी।
वनमण्डलाधिकारी जितेंद्र उपाध्याय के निर्देश पर कुनकुरी रेंज के रेंजर सुरेंद्र होता और वनकर्मियों की टीम घटनास्थल पर तुरंत पहुंची। रेंज अफसर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हाथी का लोकेशन मिलने के बाद से गश्ती दल लोगों को लाउडस्पीकर से अलर्ट कर रहा था। मृतक का मकान बस्ती से थोड़ी दूर जंगल के पास होने के कारण यह हादसा हुआ।
वहीं खबर आ रही है कि फरसाबहार तहसील के खुटगांव और ओरिजोर में भी एक हाथी ने कई मकान तोड़े हैं, जहां ग्रामीणों ने भागकर अपनी जान बचाई।
इधर,जनहानि होने की जानकारी मिलते ही वन अधिकारी और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और विधिक कार्रवाई शुरू की। हाथी गश्ती दल लगातार क्षेत्र में लोगों को अलर्ट कर रहा है और हाथी के विचरण क्षेत्र में नहीं जाने की हिदायत दे रहा है।
इस दुखद घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और वन विभाग हाथी के हमलों से निपटने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहा है।




















