बड़ी खबर: शिकारियों ने जंगली सुअर का शिकार करने बिछाए तार, 2 इंसान हो गए शिकार,घटनास्थल पहुंची पुलिस

इन दिनों जंगली सुअर का शिकार करने के लिए शिकारी जंगली इलाकों से सटे गांवों में बेहद सक्रिय हैं।बेहद सक्रिय और आक्रामक जंगली सुअर का शिकार करने के लिए हाई वोल्टेज बिजली करंट बिछाने से बीती रात बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई।

कोरबा,15 अक्टूबर 2024 –  जिले के बालको थाना क्षेत्र के ग्राम बेला में सोमवार देर शाम करंट प्रवाहित तार के संपर्क में आने से दो बाइक सवार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

जानकारी के मुताबिक, शिकारियों ने जंगली सुअर पकड़ने के लिए गांव से गुजरे 11kv विद्युत लाइन से जोड़कर जीआई तार बिछाया था। यह तार आम रास्ते पर बिछाया गया था, जिससे बाइक सवार नारायण कंवर (35) और टिकेश्वर राठिया (32) उसकी चपेट में आ गए। घटना स्थल पर ही दोनों की मृत्यु हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही बालको थाना पुलिस के एएसआई एम. एल. पात्रे,पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल तक चारपहिया वाहन नहीं पहुंचने के कारण पुलिस को पैदल ही जाना पड़ा। पुलिस ने तार को अलग कर कार्रवाई शुरू की और रात में 11 बजे शवों को पंचनामा के बाद जिला अस्पताल भेजा गया। एम्बुलेंस तक शवों को पहुंचाने के लिए करीब डेढ़ किलोमीटर तक पैदल स्ट्रेचर से शव लाए गए। आज मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी।

घटना से गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है।

यह कोई पहला मामला नहीं है। कुछ दिन पहले सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम गोढ़ी में भी जंगली सूअर पकड़ने के लिए शिकारी द्वारा बिछाए गए करंट प्रवाहित तार से एक ग्रामीण की मौत हो गई थी। इसके बावजूद वन विभाग की उदासीनता और शिकारी गतिविधियों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं करने से क्षेत्र में लगातार ऐसी घटनाएं हो रही हैं।

मृतकों के परिजनों और स्थानीय संगठनों ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।