गुमला पुलिस को बड़ी सफलता: झांगुर गुट का कुख्यात अपराधी अरविंद उरांव उर्फ झुंझुनू गिरफ्तार, पुलिस से लूटी गई पिस्टल और कारतूस बरामद

1002537224
फोटो: गुमला एसपी शंभू कुमार सिंह प्रेस कांफ्रेंस करते हुए

गुमला, झारखंड ,29 अक्टूबर 2024– गुमला पुलिस ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए अपराधी संगठन झांगुर गुट के सक्रिय सदस्य अरविंद उरांव उर्फ झुंझुनू उरांव को गिरफ्तार कर लिया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने अपराधी के कब्जे से एक पुलिस से लूटी गई 9 एमएम पिस्टल, 5 जिंदा कारतूस और एक देशी कट्टा बरामद किया है।

पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने बताया कि अरविंद उरांव बिशुनपुर और गुरदारी थानों में कई मामलों में वांछित था। एसपी ने जानकारी दी कि कुछ समय पहले नेतरहाट घाटी में एक पुलिस जवान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसमें अरविंद मुख्य आरोपी था। इस हत्या में उसी 9 एमएम पिस्टल का इस्तेमाल किया गया था, जो पुलिस ने उसके पास से बरामद की है।

1002537223
फोटो: पुलिस से लूटी हुई 9 एमएम पिस्टल,जिंदा कारतूस, देशी कट्टा

एसपी शंभू कुमार सिंह ने कहा, “अरविंद की गिरफ्तारी झांगुर गुट के लिए एक बड़ा झटका है। यह गुट झारखंड में अपराध की कई घटनाओं में शामिल रहा है। जल्द ही इस संगठन के बाकी अपराधियों को भी गिरफ्तार कर पूरी तरह से समाप्त किया जाएगा।”

पुलिस ने इस सफलता में जिला बल और एसएसबी की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की है। कार्रवाई के दौरान एसएसबी टीम ने तत्परता से सहयोग करते हुए अपराधी को पकड़ने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। एसपी ने बताया कि झांगुर गुट का सरगना रामदेव उरांव से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी मिल रही थी, जिसके आधार पर रेड कार्रवाई की गई और इस दौरान अरविंद उरांव गिरफ्त में आ गया।

इस सफलता से झांगुर गुट को कमजोर करने की दिशा में एक बड़ी जीत मानी जा रही है, और गुमला पुलिस अपराधी संगठन के अन्य सदस्यों को भी जल्द ही पकड़ने का दावा कर रही है।

बता दें कि झांगुर गुट उसी तरह चरमपंथियों का एक दस्ता है जैसा मंगल नगेशिया का था।इस गुट के पास आधुनिक स्वचालित हथियार भी हैं।इसका प्रभाव क्षेत्र गुमला और लातेहार जिले में माना जाता रहा है।