पत्थलगांव में दुर्गा विसर्जन के दौरान महिलाओं के साथ चेन स्नेचिंग, 11 महिलाएं गिरफ्तार, 8 मंगलसूत्र बरामद

जशपुर/पत्थलगांव,13 अक्टूबर 2024 – जशपुर जिले के पत्थलगांव में दुर्गा विसर्जन के दौरान उमड़ी भीड़ के बीच चेन स्नेचिंग की बड़ी घटना सामने आई है। इस वारदात को कुसमी क्षेत्र की महिला अपराधियों के एक गिरोह ने अंजाम दिया। गिरोह की महिलाएं भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं से सोने की चेन छीन रहीं थीं।

शहर में दुर्गा विसर्जन के मौके पर उमड़ी भीड़ में कई महिलाओं के गले से सोने की चेन गायब हो गई, जिसके बाद पत्थलगांव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 11 महिला अपराधियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से चोरी गए 8 सोने के मंगलसूत्र भी बरामद किए गए हैं।

पत्थलगांव थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से गिरोह की गतिविधियों को पकड़ा। पुलिस को शिकायत मिलने के बाद हाई स्कूल कॉलोनी की श्रीमती तोष कुंवर, सारसमार बांदीपारा की श्रीमती सत्यवती निषाद, पुरानी बस्ती की श्रीमती पूजा गुप्ता और अन्य महिलाओं की चेन स्नेचिंग की पुष्टि हुई। सीसीटीवी फुटेज में महिलाओं का गिरोह साफ तौर पर चेन स्नेचिंग करते हुए दिखा, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की और 11 महिलाओं को हिरासत में लिया।

जशपुर एसपी शशिमोहन सिंह ने बताया कि दुर्गा विसर्जन के दौरान भीड़ में कई महिलाओं के साथ चेन स्नेचिंग की घटनाएं हुई हैं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीन महिलाओं को मौके पर ही हिरासत में लिया और उनसे पूछताछ के बाद 11 अन्य महिलाओं को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने अब तक 8 मंगलसूत्र बरामद किए हैं, और आगे की जांच जारी है।

आरोपी महिलाएं शातिर ढंग से चोरी को अंजाम देती थीं, वे अपने साथ छोटे बच्चों को लेकर आती थीं ताकि पकड़े जाने पर बच्चों के बहाने खुद को मासूम दिखा सकें।