रायपुर, 23 नवंबर 2024: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने धान खरीदी को लेकर भ्रम फैलाने वालों को सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि सरकार विधानसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अनुरूप किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों को इस विषय में किसी प्रकार की शंका या भ्रम नहीं होना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा, “धान खरीदी प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसानों के हितों की रक्षा के लिए हमारी सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ समर्थन मूल्य पर धान खरीदी कर रही है। यदि कोई इस संबंध में भ्रम फैलाने का प्रयास करेगा, तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
धान खरीदी अभियान के अंतर्गत किसानों को सहूलियत प्रदान करने के लिए राज्य सरकार ने उपार्जन केंद्रों पर माईक्रोएटीएम के माध्यम से 2000 से 10,000 रुपये तक की राशि निकालने की सुविधा दी है। इससे किसानों को परिवहन और मजदूरी का भुगतान करने में आसानी होगी।
धान खरीदी अभियान 14 नवंबर से शुरू होकर 31 जनवरी 2025 तक चलेगा। इस वर्ष कुल 27.68 लाख किसानों ने पंजीकरण कराया है, जिसमें 1.45 लाख नए किसान शामिल हैं। राज्य के 2739 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से 160 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान प्रदेश के किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण का प्रतीक है। उन्होंने सभी किसानों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और धान खरीदी प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लें।
धान खरीदी पर किसी भी प्रकार की राजनीति या गलत जानकारी को सहन नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री साय के इस स्पष्ट संदेश ने यह सुनिश्चित कर दिया है कि सरकार किसानों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।