जशपुर/कुनकुरी – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की कुनकुरी विधानसभा में ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। सुबह शहर की गलियों में विधायक गोमती साय के नेतृत्व में जब बाइकर्स हाथों में तिरंगा लेकर निकले, तो देशभक्ति का जज्बा चारों तरफ फैल गया। दोपहर में हजारों स्कूली बच्चों ने जनप्रतिनिधियों और पुलिस अधिकारियों के साथ 500 फीट लंबा तिरंगा लेकर ‘भारत माता की जय’ के नारों से शहर में उत्साह और जोश भर दिया।
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर 11 अगस्त से 14 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत देशभर में लोग घर-घर तिरंगा लगाने और गाँव-गाँव तिरंगा यात्रा निकालने के लिए आगे आए हैं। इसी अभियान के अंतर्गत, जशपुर और कुनकुरी विधानसभा में एक विशाल तिरंगा रैली निकाली गई। इस रैली में जशपुर के एसपी शशिमोहन सिंह, पत्थलगांव की विधायक श्रीमती गोमती साय, और जिला भाजपाध्यक्ष सुनील गुप्ता समेत भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।
इन रैली में स्वामी आत्मानन्द स्कूल,सरस्वती शिशु मंदिर,निर्मला स्कूल,लोयोला स्कूल/कॉलेज, शासकीय महाविद्यालय सलियाटोली, शासकीय कन्या विद्यालय के विद्यार्थी शहर में निकले।
इस रैली का जगह-जगह लोगों ने स्वागत किया।हालांकि रैली भ्रमण के दौरान इक्का-दुक्का घरों को छोड़ दें तो नगर के कई स्वघोषित राष्ट्रवादियों के घरों के ऊपर तिरंगा नहीं दिखा।
इससे पहले तिरंगा यात्रा की मुख्य अतिथि पत्थलगांव विधायक श्रीमती गोमती साय ने जय स्तम्भ पर माल्यार्पण कर बाईक रैली शुरू की।वे खुद स्कूटी में बैठकर 5 किलोमीटर का शहर भ्रमण किया।
इस रैली को जशपुर पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने इसे ऐतिहासिक रैली बताते हुए कहा कि “इस रैली से न केवल देशभक्ति की भावना का संचार होता है, बल्कि यह हमारे युवाओं को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक करता है।”
गोमती साय, विधायक पत्थलगांव ने लोगों में जोश भरते हुए कहा कि “यह आयोजन हमारी एकता और अखंडता का प्रतीक है। बच्चों और युवाओं में देशप्रेम की भावना को प्रोत्साहित करने के लिए ऐसे आयोजन बेहद जरूरी हैं।”
सुनील गुप्ता, जिलाध्यक्ष भाजपा जशपुर ने कहा कि “प्रधानमंत्री जी के हर घर तिरंगा अभियान से प्रेरित होकर, यह तिरंगा यात्रा हमारे क्षेत्र में देशप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश फैला रही है। मैं सभी से आग्रह करता हूँ कि वे अपने घरों पर तिरंगा लगाकर इस मुहिम में शामिल हों।”