रायपुर, 27 सितंबर 2024 – छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि इस दिन का उद्देश्य पर्यटन के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य प्राकृतिक और सांस्कृतिक धरोहरों से समृद्ध है। यहां के प्रमुख पर्यटन स्थल, जैसे चित्रकोट जलप्रपात, सिरपुर का लक्ष्मण मंदिर, और बस्तर का दशहरा, देशभर में प्रसिद्ध हैं। इसके अलावा, प्राचीन दंडकारण्य वन और माता कौशल्या की जन्मस्थली जैसे स्थल राज्य के गौरव का प्रतीक हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार इन स्थानों को विकसित कर पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है, ताकि छत्तीसगढ़ की सुंदरता और विरासत से पूरी दुनिया परिचित हो सके।

















