मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर को दी 100 बिस्तरों वाले अत्याधुनिक चिकित्सालय सहित 63 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात

जशपुर, 07 अप्रैल 2025 – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज जशपुर जिलेवासियों को एक साथ दो बड़ी सौगातें दीं। उन्होंने एक ओर जहां 35 करोड़ 53 लाख रुपये की लागत से बनने वाले स्वर्गीय जगदेव राम उरांव कल्याण आश्रम चिकित्सालय का भूमि पूजन किया, वहीं दूसरी ओर 63.43 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास कर जिले के विकास को नई दिशा दी।

कलेक्टरेट के समीप बनने वाले 100 बिस्तरों वाले इस चिकित्सालय में अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिसमें 15 ओपीडी, 4 आईसीयू, 4 ऑपरेशन थिएटर, फिजियोथेरेपी सेंटर, डायग्नोस्टिक लैब, सीटी स्कैन, डायालिसिस, एक्स-रे, एमआरआई, ईसीजी और इमरजेंसी वार्ड शामिल हैं। यह अस्पताल एनटीपीसी लारा के सीएसआर फंड से निर्मित होगा, जिसके लिए एनटीपीसी के महाप्रबंधक रविशंकर ने जिला कलेक्टर रोहित व्यास को 35 करोड़ 53 लाख रुपये का चेक प्रदान किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने ‘सेवांकुर भारत – एक सप्ताह देश के नाम’ कार्यक्रम की भी शुरुआत की। इस कार्यक्रम के तहत 5 से 13 अप्रैल तक आदिवासी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं। उन्होंने इस सेवा कार्य के लिए संस्था और डॉक्टरों की सराहना की और 45 वर्षों से जनजातीय क्षेत्रों में सेवाएं दे रहे डॉ. मृगेन्द्र सिंह को सम्मानित भी किया।

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर 364.59 लाख रुपये के 5 निर्माण कार्यों का लोकार्पण और 59.75 करोड़ रुपये के 22 कार्यों का भूमि पूजन भी किया। इन कार्यों में नगर पालिका क्षेत्र में बी.टी. रोड, सी.सी. रोड, नाली, ड्रेनेज, स्ट्रीट लाइट, सामुदायिक भवन, स्टेडियम सौंदर्यीकरण, पार्क उन्नयन, छात्रावास निर्माण से लेकर 90 किमी से अधिक लंबाई की ग्रामीण सड़कों का निर्माण शामिल है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि उनकी सरकार बनने के बाद से ही जनकल्याणकारी योजनाओं को तेजी से लागू किया जा रहा है। उन्होंने मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, फिजियोथेरेपी कॉलेज और प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र की स्थापना के लिए बजट में प्रावधान किए जाने की जानकारी दी।

कार्यक्रम में सरगुजा आदिवासी विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष श्रीमती गोमती साय, विधायक श्रीमती रायमुनि भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, कमिश्नर  नरेन्द्र दुग्गा, आईजी  अंकित गर्ग, जनसंपर्क आयुक्त डॉ. रवि मित्तल समेत अनेक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे