
जशपुर, 15 जनवरी 2025: मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने बीती रात अपने बगिया स्थित निजी निवास पर जशपुर के पुलिस अधीक्षक श्री शशिमोहन सिंह को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के पद पर पदोन्नति के अवसर पर बैच और स्टार पहनाकर सम्मानित किया। यह समारोह पीपींग सेरेमनी के रूप में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर सरगुजा रेंज के कमिश्नर नरेन्द्र सिंह दुग्गा, आईजी अंकित गर्ग, जशपुर कलेक्टर रोहित व्यास, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार सहित, शशिमोहन सिंह की पत्नी रेखा सिंह और पुत्र रिभु समर्थ सिंह भी मौजूद रहे।

शशिमोहन सिंह, जो 1997 बैच के डीएसपी रहे हैं और 2012 में आईपीएस अवार्ड प्राप्त कर चुके हैं, ने पिछले एक वर्ष से जशपुर जिले के पुलिस अधीक्षक के रूप में सेवाएं देते हुए अपराध पर अंकुश लगाया है।
मीडिया को धन्यवाद प्रेषित किया
इस गौरवपूर्ण अवसर पर शशिमोहन सिंह ने मीडिया से जुड़े अपने पत्रकार साथियों का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने व्हाट्सएप ग्रुप पर जानकारी साझा करते हुए लिखा:
“दोस्तों, कल माननीय मुख्यमंत्री जी के द्वारा स्टार और रिबन लगाया गया उनके निवास स्थान बगिया में। साथ में सरगुजा रेंज के कमिश्नर साहब और आईजी सर भी उपस्थित थे। मेरी पत्नी और बेटा भी इस गौरवपूर्ण पल के साक्षी थे। हालांकि यह समाचार ग्रुप है, लेकिन मैं आप सभी पत्रकार साथियों को भी इस महत्वपूर्ण पड़ाव पर हृदय से धन्यवाद देता हूं। इस यात्रा में सदैव आप लोगों का सकारात्मक सहयोग और उपयोगी सुझाव मिलता रहा। आगे भी यह प्रेम और समन्वय बना रहे। जय हिंद।”
सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय अपने सहयोगियों और पत्रकारों के समन्वय को देते हुए भविष्य में भी सकारात्मक संबंध बनाए रखने की बात कही।
यह उपलब्धि उनके सेवा कार्य और नेतृत्व क्षमता का प्रतीक है, जो जिले के पुलिस तंत्र को नई ऊर्जा प्रदान करेगी।





















