*जशपुर को पर्यटन नक्शे में शामिल करने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने की बड़ी पहल* *प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मयाली नेचर कैम्प स्वदेश दर्शन योजना में शामिल* *विकास के लिए दस करोड़ रुपये की मिली स्वीकृति*

IMG 20240726 WA0006

जशपुर – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल से जिले के प्रसिद्ध प्राकृतिक और धार्मिक पर्यटन स्थल मयाली को पर्यटन विभाग ने स्वदेश दर्शन योजना के दूसरे चरण में शामिल कर लिया है। इस योजना में शामिल होने से पर्यटन स्थल में बुनियादी सुविधाओं का विकास तेजी से हो सकेगा। साथ ही इसके प्रचार-प्रसार से यहां पर्यटकों की संख्या में भी वृद्धि की संभावना है।

मयाली नेचर कैम्प, जिले के कुनकुरी ब्लाक में चराईडांड़ बगीचा स्टेट हाईवे पर स्थित है।यहां बेलसोंगा डेम और एशिया का सबसे ऊंचा शिवलिंग माना जाने वाला मधेश्वर पहाड़ का विहंगम और मनमोहक दृश्य पर्यटकों को घंटों समय व्यतीत करने का अवसर प्रदान करता है। वन विभाग ने इस स्थल पर पर्यटकों की सुविधा के लिए टेंट की व्यवस्था भी की है, जहाँ परिवार के साथ रात्रि विश्राम का आनंद उठाया जा सकता है। विशेषकर वीकेंड के दिनों में यहां पर्यटकों की हलचल अधिक रहती है। पर्यटकों को मयाली नेचर कैंप में बोटिंग का आनंद उठाने की सुविधा भी दी गई है, जिसके लिए गाइड और सुरक्षा के सभी इंतजाम किए गए हैं।

फ़िल्म ‘ज़हर जिनगी गहि’ मैनेजमेंट से जुड़े वरिष्ठ पत्रकार संतोष चौधरी ने सावन के पवित्र महीने में मुख्यमंत्री की इस पहल का स्वागत किया है।उन्होंने मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया है।उन्होंने बताया कि इस स्थान पर दो साल पहले विश्व की पहली कुड़ुख भाषा की फीचर जहर जिनगी गहि फिल्म के कई दृश्य शूट किए गए।फ़िल्म ने भी इसे विश्व स्तर पर सुर्खियों में लाया।

राज्य सरकार के सहयोग से मयाली नेचर कैम्प में कैक्टस गार्डन का विकास भी किया जा रहा है। इस विशेष गार्डन में देशभर में पाए जाने वाले कैक्टस की प्रजातियों को समेटा गया है ताकि युवा पीढ़ी कैक्टस से भली-भांति परिचित हो सके। इसका एक उद्देश्य लोगों को जैव विविधता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना भी है।

**विकास के लिए दस करोड़ की स्वीकृति**

स्वदेश दर्शन योजना में शामिल करने के साथ ही पर्यटन विभाग ने मयाली के विकास के लिए 10 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। इसके लिए जिला स्तरीय संचालन समिति का गठन करते हुए, विकास के लिए एक्शन प्लान और डीपीआर तैयार करने का निर्देश दिया गया है।