जशपुर,16 अप्रैल 2025
➡️ आरोपी चंकी गुप्ता गिरफ्तार
➡️ व्यापारी अमन अग्रवाल पर किया था जानलेवा हमला
➡️ बाइक और केमिकल डब्बा जब्त
➡️ बीएनएस की धारा 109(1) के तहत मामला दर्ज
पत्थलगांव में व्यापारी अमन अग्रवाल पर हुए सनसनीखेज केमिकल हमले की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। जशपुर पुलिस ने आरोपी चंकी गुप्ता (32), निवासी कापू, रायगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
हमला ऐसे दिया गया था अंजाम
5 अप्रैल की रात 9:30 बजे अमन अग्रवाल अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे, तभी एक बाइक सवार ने उन पर मिट्टी तेल जैसी गंध वाला ज्वलनशील केमिकल फेंका और जलती हुई तिल्ली से आग लगाने की कोशिश की। सौभाग्य से अमन बाल-बाल बच गए।
ऐसे खुला मामला
पहले कोई ठोस सुराग न मिलने पर पुलिस ने तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज खंगाले लेकिन जब कुछ हाथ नहीं लगा तो पीड़ित और आरोपी के बीच पुराने विवाद को ध्यान में रखते हुए जांच की दिशा बदली गई।
आख़िरकार, मुखबिर की सूचना और पुलिस की तकनीकी टीम की मदद से 14 अप्रैल को आरोपी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में चंकी ने बताया कि फरवरी में हुए दुकान के लेन-देन विवाद से वह नाराज़ था, और बदले की भावना से उसने यह हमला किया।
पुलिस ने की ये जब्ती
घटना में प्रयुक्त बजाज पल्सर मोटरसाइकल (CG14MM 8554) और केमिकल से भरा डब्बा जब्त कर लिया गया है।
कड़ी पूछताछ और टीम वर्क से सफलता
जशपुर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि आरोपी ने वारदात को बहुत सफाई से अंजाम देने की कोशिश की थी, लेकिन पुलिस टीम की सटीक योजना, टेक्निकल एनालिसिस और मनोवैज्ञानिक पूछताछ से केस का खुलासा हो गया।
जांच में इनकी रही अहम भूमिका:
निरीक्षक विनीत पांडे,उप निरीक्षक अर्जुन यादव,आरक्षक पदुम वर्मा, वीरेंद्र यादव, चंद्रशेखर सिंह, सलीम कुजूर
जशपुर पुलिस की यह कार्रवाई एक बार फिर यह साबित करती है कि अपराध चाहे जितना भी संगीन हो, बचना मुमकिन नहीं।





















