दुर्ग। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय के पिता, स्वर्गीय श्याम जी पांडेय का आज निधन हो गया। वे काफी समय से बीमार चल रहे थे और उनका इलाज दुर्ग के सेक्टर 9 स्थित भिलाई स्टील प्लांट (BSP) के मुख्य अस्पताल में हो रहा था। उनका स्वास्थ्य लगातार बिगड़ता जा रहा था, जिसके बाद आज उन्होंने अंतिम सांस ली।
स्वर्गीय श्याम जी पांडेय के निधन की खबर से राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है और सरोज पांडेय को फोन कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने कहा, “श्याम जी का निधन एक अपूरणीय क्षति है। मैं परिवार के साथ इस दुख की घड़ी में खड़ा हूं।”
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरणदेव सिंह, विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने भी स्वर्गीय श्याम जी पांडेय के निधन पर शोक व्यक्त किया है। भाजपा के विभिन्न नेता और कार्यकर्ता दुख की इस घड़ी में सरोज पांडेय और उनके परिवार के साथ खड़े हैं।
स्वर्गीय श्याम जी पांडेय का अंतिम संस्कार आज शिवनाथ नदी स्थित मुक्तिधाम में किया जाएगा, जहां परिवार और समर्थकों के साथ-साथ विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता भी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
भाजपा के वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि श्याम जी पांडेय एक साधारण और सादगीपूर्ण जीवन जीते थे, और उनके निधन से परिवार के साथ-साथ पार्टी के कई लोगों को भी व्यक्तिगत क्षति हुई है।