मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बुजुर्गों की सेहत पर दे रहे विशेष ध्यान
जशपुर, 24 सितंबर 2024: मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ और सुलभ बनाने के लिए विशेष निर्देश दिए हैं। इसी दिशा में जशपुर विकासखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, लोदाम में बुजुर्गों के लिए एक विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें निःशुल्क दवाइयां और परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
शिविर के दौरान वरिष्ठ नागरिकों की एनीमिया, शुगर और खून की जांच समेत कई अन्य आवश्यक परीक्षण किए गए, ताकि उन्हें बेहतर स्वास्थ्य देखभाल मिल सके। इस पहल का उद्देश्य बुजुर्गों को नियमित स्वास्थ्य जांच का लाभ प्रदान करना है, जिससे वे स्वस्थ और सक्रिय जीवन जी सकें। बुजुर्ग महिला बुधनी बाई ने निःशुल्क दवा मिलने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को खूब आशीर्वाद देते हुए स्थानीय बोली में कहा कि हमर अपन बेटा विष्णु कर राइज में मोर उमर बाढ़ गेलक।ओकरो उमर भगवान बढ़ाई।
इसके अलावा, शिविर में लोदाम के स्कूली बच्चों को पोषण आहार की ज़रूरत के बारे में जागरूक किया गया। बच्चों की भी हीमोग्लोबिन जांच की गई, ताकि उनमें पोषण की कमी को पहचाना जा सके और सही मार्गदर्शन दिया जा सके।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के तहत राज्य भर में इस तरह के स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे बुजुर्गों और बच्चों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त हो सके। इस प्रयास से लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ रही है।



















