जशपुर,22 नवम्बर 2024// जिले में अवैध कारोबारियों पर शिकंजा कसते हुए पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह के नेतृत्व में शुक्रवार सुबह कबाड़ी कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस ने गुप्त सूचना पर बनाई गई विशेष रणनीति के तहत पत्थलगांव, कांसाबेल और कुनकुरी सहित कई स्थानों पर छापेमारी कर लाखों रुपये की नकदी और भारी मात्रा में अवैध कबाड़ बरामद किया।
गुप्त सूचना पर बनी रणनीति
एसपी शशिमोहन सिंह को अवैध कबाड़ी कारोबार की जानकारी मिलने के बाद एक विशेष अभियान चलाने की योजना बनाई गई। शुक्रवार सुबह 4 बजे पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर एक साथ कार्रवाई शुरू की।
कबाड़ गोदामों पर बड़ी बरामदगी
1. पत्थलगांव: तीन गोदामों में भारी अवैध कबाड़
पुलिस ने पत्थलगांव में कबाड़ी बिट्टू, सुंदर और विक्की के गोदामों पर छापा मारा। यहां से लोहे और अन्य धातुओं का अवैध भंडारण मिला।
2. कांसाबेल: कबाड़न के पास से लाखों रुपए नगद मिले
कांसाबेल में कबाड़न पूनम साहू के गोदाम से सैकड़ों कांसे और पीतल के बर्तन बरामद किए गए। इसके अलावा, 22 लाख 30 हजार रुपये नकद मिले, जिसके संबंध में पूनम कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी। पुलिस ने इस मामले की सूचना आयकर विभाग को दी है।
3. कुनकुरी: सरकारी संपत्ति का दुरुपयोग उजागर
कुनकुरी के गिनाबहार गांव में कबाड़ी निजाबुल आलम के गोदाम से सरकारी सप्लाई के झूलों और रेलिंग का अवैध भंडार बरामद हुआ। यह सरकारी संपत्ति के दुरुपयोग का गंभीर मामला है।
एसपी शशिमोहन सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई जिले में संगठित अपराधों पर लगाम लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा, “जिले में किसी भी तरह के अवैध कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।”
एसपी शशिमोहन सिंह ने इससे पहले मवेशी तस्करी और गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क को ध्वस्त किया है। इस ताजा कार्रवाई ने जिले के अवैध कारोबारियों में हड़कंप मचा दिया है और संगठित अपराधों पर कड़ी चोट की है।
पुलिस की इस ऐतिहासिक कार्रवाई की जिलेवासियों ने सराहना की है। लोगों का मानना है कि एसपी शशिमोहन सिंह के नेतृत्व में जिले में अपराधों पर लगाम लगाने के प्रयास तेजी से सफल हो रहे हैं।ऐसी कार्रवाई न केवल कानून-व्यवस्था को मजबूत करेगी, बल्कि संगठित अपराधों को समाप्त करने में मील का पत्थर साबित होगी।