जशपुर, 18 नवंबर 2024 // जिले में अवैध धान परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए कलेक्टर श्री रोहित व्यास के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। सन्ना में तहसीलदार, खाद्य निरीक्षक, आरआई और पटवारी की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर नीलेश कुमार गुप्ता के घर से 300 बोरी अवैध धान जब्त किया।
सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पाया गया कि भंडारित धान के संबंध में मालिक कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। कलेक्टर द्वारा गठित टास्क फोर्स और चेक पोस्टों पर निगरानी के कारण जिले में अन्य राज्यों से अवैध धान की आवक और फर्जी किसानों के नाम पर धान बिक्री की कोशिशों पर कड़ी रोकथाम की जा रही है।
अवैध धान पर जिला प्रशासन सख्त
कलेक्टर रोहित व्यास ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि जिले में धान खरीदी अवधि के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिले की 21 चेक पोस्टों पर तीन पालियों में अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की गई है। वहीं, किसानों के खेतों से बाहर के स्रोतों से धान की खरीदारी की कोशिशों को नाकाम करने के लिए विशेष उड़नदस्ता टीम सतर्क है।
ग्रामीणों की सूचना से मिली सफलता
सन्ना की कार्रवाई में ग्रामीणों से मिली सूचना अहम रही। प्रशासन की अपील पर नागरिक अब अवैध गतिविधियों की जानकारी देने में सहयोग कर रहे हैं। इस सफलता के बाद कलेक्टर ने ग्रामीणों को धन्यवाद देते हुए कहा कि अवैध धान भंडारण और परिवहन पर रोक लगाने के लिए जनभागीदारी अहम है।
फर्जी किसानों पर भी कड़ी नजर
प्रश्शासनिक अधिकारियों द्वारा इस बात की आशंका जताई गई थी कि कोचियों और बिचौलियों द्वारा अन्य राज्यों से लाए गए धान को स्थानीय किसानों के पंजीयन में खपाने की कोशिशें हो सकती हैं। इस संदर्भ में सन्ना की यह कार्रवाई एक कड़ा संदेश है कि प्रशासन ऐसी किसी भी गतिविधि को सफल नहीं होने देगा।
जिला प्रशासन की इस कार्रवाई ने यह साबित कर दिया है कि किसानों के हितों की रक्षा के लिए अवैध धान व्यापारियों और बिचौलियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।