नक्सली अपने मोर्चे पर बुरी तरह घिरते हुए लगातार एनकाउंटर में मारे जा रहे हैं।जिससे वे बौखलाहट में दहशत बनाये रखने के लिए जनअदालत लगाकर हत्याएं कर रहे हैं।
बीजापुर,05अक्टूबर2024: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में नक्सलियों ने एक बार फिर अपनी क्रूरता का प्रदर्शन करते हुए जनअदालत में दो युवकों की निर्मम हत्या कर दी। गंगालुर थाना क्षेत्र के सावनार इलाके में शुक्रवार की रात नक्सलियों ने इन दोनों युवकों पर पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाते हुए उनकी जान ले ली। मृतकों की पहचान कामेश्वर कुरसम (उर्फ मोटू कुरसम), उम्र 25 वर्ष, और अर्जुन पुनेम, उम्र 24 वर्ष, के रूप में की गई है, जो सावनार पटेलपारा के निवासी थे।
घटना की जानकारी:
सूत्रों के अनुसार, दो दिन पहले नक्सली करीब 20 से 25 ग्रामीणों को अगवा कर जंगल ले गए थे। वहां पर जनअदालत का आयोजन किया गया, जहां सभी ग्रामीणों के मोबाइल फोन छीन लिए गए और कुछ ग्रामीणों की बेरहमी से पिटाई की गई। हालांकि, पिटाई के बाद उन्हें छोड़ दिया गया, लेकिन कामेश्वर और अर्जुन को पुलिस के मुखबिर होने के आरोप में जनअदालत में मौत की सजा दी गई। इन युवकों के शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए हैं, लेकिन घटना की रिपोर्ट लिखे जाने तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
इस घटना ने एक बार फिर से क्षेत्र में नक्सलियों के दहशत को उजागर कर दिया है। जनअदालत नक्सलियों का एक पुराना तरीका है, जिसमें वे ग्रामीणों को अपने फैसले सुनाते हैं और कई बार बिना किसी सुनवाई के उन्हें मौत की सजा तक दे देते हैं।




















