कुनकुरी,13 जून 2025 –
आज कुनकुरी नगरपंचायत सभागार में एयर इंडिया के बोइंग विमान हादसे में मृत लोगों को श्रद्धांजलि दी गई। नगरपंचायत अध्यक्ष विनयशील, उपाध्यक्ष दीपक केरकेट्टा, पार्षद अजीत एक्का, इमरान खान, मुक्ति मिंज, नीलमणि सहित नगरपंचायत कर्मचारी और आम नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
अध्यक्ष विनयशील ने घटना की जानकारी देते हुए कहा कि यह हादसा बेहद दुखद और देश को झकझोर देने वाला है। भारत ने उन नागरिकों को खोया है जो देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे थे – उद्योगपति, इंजीनियर, समाजसेवी और गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी जैसे वरिष्ठ नेता इस दुर्घटना में नहीं रहे।
उन्होंने कहा कि भारत सरकार को मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता देनी चाहिए। हादसे की खबर से कुनकुरीवासियों में भी गहरा शोक है। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। इसके बाद नगरपंचायत का नियमित कार्य प्रारंभ किया गया।



















