जशपुर में अवैध धान परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन का असर

जशपुर,28 नवम्बर 2024 – जिले में धान खरीदी का सीजन शुरू होते ही प्रशासन अवैध धान परिवहन पर सख्त हो गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन और कड़े निर्देशों का असर अब जमीन पर दिखने लगा है। इसी कड़ी में कुनकुरी पुलिस ने बीती रात एक बड़ा ऑपरेशन चलाकर नेशनल हाइवे पर अवैध धान से भरे ट्रक को पकड़ने में सफलता हासिल की।

गश्ती के दौरान पकड़ा गया ट्रक:
थाना प्रभारी सुनील सिंह ने बताया कि एसपी शशिमोहन सिंह के निर्देश पर संभावित अपराधों की रोकथाम के लिए लगातार गश्ती की जा रही है। इसी दौरान सूचना मिली कि एक ट्रक में अवैध रूप से धान का परिवहन किया जा रहा है। ट्रक को रोककर पूछताछ करने पर वाहन चालक देवलाल केरकेट्टा, निवासी पुरनानगर, ने बताया कि यह धान जशपुर निवासी विशाल गुप्ता का है। वाहन आयशर 407 (क्रमांक CG14 MB 7244) में लदी 100 बोरी धान के दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके, जिसके बाद तहसीलदार की उपस्थिति में ट्रक और धान को जप्त कर लिया गया।

पहले भी हो चुकी है तस्करी पर कार्रवाई:
पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह के निर्देश पर इससे पहले भी कुनकुरी पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की थी, जिसमें ट्रक से धान उतारकर पिकअप वाहन के माध्यम से बिचौलियों द्वारा तस्करी करते हुए पकड़ा गया था।

सुशासन की नीतियों का असर:
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में अवैध गतिविधियों पर कड़ा शिकंजा कसा जा रहा है। धान खरीदी के दौरान तस्करी रोकने के लिए प्रशासन की सक्रियता इस बात का प्रमाण है कि सुशासन की नीतियां जशपुर में प्रभावी रूप से लागू हो रही हैं। पुलिस और प्रशासन के इस सख्त रवैये से तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है।

आगे भी जारी रहेगा सख्त अभियान:
पुलिस और प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि धान खरीदी के पूरे सीजन में इस प्रकार की गश्ती और सघन जांच जारी रहेगी। किसी भी प्रकार की तस्करी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में सुशासन की साख और मजबूत होगी।