जशपुर – नक्सल मोर्चे पर लड़ते हुए अपने प्राणों की आहुति देनेवाले के परिजनों का सम्मान करने के लिए कुनकुरी पुलिस ने नई पहल की है। खारिझारिया गांव के निवासी सेभरेन मिंज को थाना प्रभारी सुनील सिंह ने पूरे सम्मान के साथ थाने में राष्ट्रध्वज फहराने के लिए आमंत्रित किया।
दरअसल,सेभरेन मिंज खारिझारिया पँचायत के कोटवार हैं जिनका बेटा अरविंद मिंज 27 जनवरी 2019 को बीजापुर में नक्सल मोर्चे पर शहीद हुआ था।जिन्होंने मुख्य अतिथि के रूप में सुबह 7 बजे राष्ट्रीय झंडा तिरंगा फहराकर सलामी दी।राष्ट्रगान के दौरान सेभरेन मिंज की आंखों में आंसू थे।जिन्हें वो बहुत संभल-संभलकर खर्च कर रहे थे।उन्होंने पुलिस जवानों को बताया कि आज का दिन मेरे बेटे को सैल्यूट करने का दिन है।उन्हें भी सैल्यूट करता हूँ जिन्होंने हमें अंग्रेजों से आजाद कराया।एक वे थे जो आजादी के लिए शहीद हुए और एक वे हैं जो मेरे बेटे की तरह आजादी को जिंदा रखने के लिए देशद्रोहियों और आतंकवादियों से लड़ते हुए अपनी जान दे रहे हैं।सेभरेन उस पल को याद करते हुए गर्व से भर उठते हैं जब जवान अरविंद का शव तिरंगे में लिपटा हुआ आया था।आज झंडा फहराते हुए उन्हें लगा कि आसमान में उनका बेटा तिरंगा लहरा रहा है।
अमर शहीद अरविंद मिंज के पिता ने पुलिस की इस नई पहल के लिए एसडीओपी विनोद कुमार मंडावी और थाना प्रभारी सुनील सिंह को धन्यवाद देते हुए कहा कि पुलिस परिवार की ओर से अपने शहीद जवानों को याद करने के लिए यह बहुत अच्छा तरीका है।

थाना प्रभारी सुनील सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी,एसडीओपी विनोद कुमार मंडावी के मार्गदर्शन में शहीद परिवारों का जिला स्तर पर राष्ट्रीय पर्व के दिन सम्मान किये जाने की परम्परा रही है।इसी तारतम्य में आदर्श थाना कुनकुरी में तिरंगे की आन-बान-शान की खातिर अपनी जान कुर्बान कर देने वाले शहीद के पिता के द्वारा ध्वजारोहण कराने का विचार आया।जिसे उच्चाधिकारियों ने सहर्ष स्वीकार करते हुए एसडीओपी विनोद कुमार मंडावी की विशेष उपस्थिति में पूरा किया गया।