कुनकुरी,19 फरवरी 2025 – कुनकुरी नगरपंचायत अध्यक्ष पद पर निर्वाचित होते ही विनयशील ने शहर की बुनियादी समस्याओं के समाधान की दिशा में सक्रिय कदम बढ़ा दिए हैं। उनकी एक संवेदनशील पहल से टोंगरीटोली के सैकड़ों निवासियों को वर्षों बाद पानी की सुविधा मिल सकी है।

दरअसल, टोंगरीटोली बस्ती में लोग हर चुनाव में बढ़-चढ़कर मतदान करते थे, लेकिन उनकी वर्षों पुरानी मांग—पीने के पानी की सुविधा—अब तक पूरी नहीं हो सकी थी। चुनाव प्रचार के दौरान जब विनयशील को इस समस्या की जानकारी मिली, तो उन्होंने इसे अपनी प्राथमिकता में रखा। नगरपंचायत का फंड सीमित होने के कारण उन्होंने निजी खर्च पर एक हजार लीटर की पानी टंकी लगवाई, जिससे वार्ड नंबर 2 और 14 के करीब 55 घरों के 250 लोगों को राहत मिली।
पानी की सुविधा मिलने पर मोहल्लेवासियों में हर्ष है। सोनिया नायक, गणेश, चंद्रवती, सुकरीता यादव ने अध्यक्ष विनयशील का आभार जताया, वहीं सेरोफिना लकड़ा ने उनके घर पहुंचकर धन्यवाद दिया। स्थानीय निवासियों का कहना है कि वर्षों बाद किसी जनप्रतिनिधि ने उनकी समस्या को गंभीरता से लिया और तुरंत समाधान किया।गौर करने वाली बात है कि अभी विनयशील ने अध्यक्ष पद की शपथ नहीं ली है ।
नगरपंचायत अध्यक्ष विनयशील की यह पहल यह दर्शाती है कि जब संकल्प मजबूत हो, तो संसाधनों की कमी भी बाधा नहीं बनती। उनकी संवेदनशीलता ने टोंगरीटोली के निवासियों के जीवन में उम्मीद की नई किरण जगा दी है।



















