*जशपुर/कुनकुरी, 14 सितंबर 2024* – दो दिन पहले स्टेट हाइवे के किनारे मिली सिर कटी लाश की पहचान जशपुर जिले के बरजोर गांव के निवासी के रूप में हुई है। मृतक की पहचान अभिषेक लकड़ा, उम्र 25 वर्ष, के रूप में हुई है, जो होशंगाबाद में मजदूरी का काम करता था। ‘अभी’ अभिषेक की पहचान उसके गाँव के एक ड्राइवर ने *खबर जनपक्ष* में प्रकाशित खबर में दी गई जानकारी के आधार पर टैटू देखकर शव को पहचाना।
इस मामले में एएसआई ईश्वर वारले की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिन्होंने मृतक के टैटू को डिकोड करते हुए यह निष्कर्ष निकाला कि “अभी” मृतक का पुकारू नाम हो सकता है। इसके बाद, पुलिस ने “अभी” से मिलते-जुलते नामों की जांच की, और आखिरकार, तीसरे दिन शव की तस्वीर मृतक के रिश्तेदारों को दिखाए जाने पर पहचान हो सकी।
इसे भी दुःखद संयोग कहा जाय कि पुलिस के जवान विनोद तिर्की की माताजी का निधन हुआ और 14 सितंबर को उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने मृतक के गांव बरजोर से भी समाज के लोग पहुँचे थे।दुःख की इस घड़ी में भी कर्तव्यनिष्ठ कांस्टेबल विनोद तिर्की ने शोकसभा में मृतक की शिनाख्ती के लिए सभी को तस्वीर दिखाई।जहां एक वाहन चालक ने टैटू और खबर जनपक्ष की जानकारी देखकर बताया कि यह टैटू अभिषेक लकड़ा का है।
बरजोर गांव से जो जानकारी निकलकर आई है उसके अनुसार मृतक अभिषेक लकड़ा घटना के दिन अपने ससुराल केरसई गया हुआ था। परिवार का कहना है कि अभिषेक का अचानक इस तरह से गायब हो जाना और फिर उसकी ऐसी स्थिति में लाश मिलना उनके लिए गहरा सदमा है। पुलिस ने हत्या के पीछे के कारणों और संदिग्धों का पता लगाने के लिए अपनी जांच तेज़ कर दी है।
पुलिस द्वारा मृतक की पहचान होते ही मामले की जांच में तेजी आई, और सूत्रों की मानें तो कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह और एडिशनल एसपी अनिल कुमार सोनी के मार्गदर्शन में डीएसपी विजय सिंह राजपूत और थाना प्रभारी सुनील सिंह की टीम इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में जुटी है। साइबर सेल और स्पेशल क्राइम डिटेक्ट टीम के सहयोग से मामले को जल्द सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है।
जल्द होगा हत्याकांड का खुलासा
सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने हत्या के कारणों और संदिग्धों के बारे में कुछ महत्वपूर्ण सुराग जुटा लिए हैं, लेकिन अभी तक आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच की प्रक्रिया पूरी होते ही मामले का खुलासा किया जाएगा।