कानूनी किताबों के गायब होने की सूचना पर पुलिस ने खूब बहाया पसीना,किताबवाले ने कहा – नहीं देखी ऐसी पुलिस,,,,

कुनकुरी,18 दिसम्बर 2024 – कानून की किताबें बेचने वाले स्वतंत्र कुमार त्रिपाठी का किताबों से भरा बैग, जिसमें महत्त्वपूर्ण पुस्तकें थीं, कुनकुरी बस स्टेशन पर गायब हो गया था। घटना की जानकारी मिलते ही कुनकुरी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बैग को खोज निकाला और उसे सुरक्षित वापस किया।

घटना उस समय हुई जब श्री त्रिपाठी बस से कुनकुरी आ रहे थे। जैसे ही बस कुनकुरी बस स्टेशन पहुंची, उन्होंने पाया कि उनकी किताबों से भरा बैग गायब है। इस पर उन्होंने तत्काल कुनकुरी थाना पहुंचकर थाना प्रभारी सुनील सिंह को सूचना दी।

थाना प्रभारी ने मामले की गंभीरता को समझते हुए प्रधान आरक्षक सुरेश लकड़ा और आरक्षक जितेंद्र गुप्ता,भूपेंद्र यादव सहित अपनी टीम को कांसाबेल से कुनकुरी के बीच यात्रा कर रहे संदिग्ध यात्रियों और बैग की तलाश में रवाना किया। इस दौरान पुलिस को सूचना मिली कि रायगढ़ रोड पर डुगडुगिया क्षेत्र में एक संदिग्ध लावारिस बैग पड़ा है।

पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बैग की तलाशी ली। बैग में श्री त्रिपाठी की महत्वपूर्ण कानून की किताबें सुरक्षित पाई गईं, जिन्हें बाद में थाना लाया गया।

श्री त्रिपाठी ने बताया कि किताबों का मूल्य 8 से 10 हजार रुपये के बीच है। लेकिन इन्हें अलग-अलग प्रकाशनों और स्थानों से मंगाने में काफी मेहनत लगती है। इन किताबों के गायब होने से उन्हें गहरी चिंता हुई थी, क्योंकि ये उनके ग्राहकों की मांग पूरी करने के लिए बेहद जरूरी थीं।

कुनकुरी पुलिस की सतर्कता और तेज कार्रवाई से सभी किताबें सुरक्षित मिल गईं। श्री त्रिपाठी ने थाना प्रभारी सुनील सिंह और उनकी टीम को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनकी त्वरित कार्रवाई ने बड़ी परेशानी से बचा लिया।

यह घटना कुनकुरी पुलिस की कार्यकुशलता और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।