*संविधान बदलने का झूठ फैलाने वालों को ओपी चौधरी ने दी कड़ी चेतावनी: “देश को आपातकाल की आग में झोंकने वाले अब जनता को गुमराह कर रहे हैं”*

*जशपुर:* छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री और जशपुर जिले के प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला स्तरीय सदस्यता अभियान के शुभारंभ के दौरान संविधान बदलने की अफवाह फैलाने वालों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि देश में आपातकाल थोपने वाली पार्टी अब संविधान बदलने और आरक्षण खत्म करने जैसी झूठी बातें फैलाकर जनता को भ्रमित कर रही है। चौधरी ने स्पष्ट किया कि भारतीय जनता पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं के होते हुए, इस तरह की झूठी अफवाहें कभी भी सफल नहीं होंगी।

चौधरी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वही पार्टी जो आज संविधान बदलने के झूठे आरोप लगा रही है, उसने देश की निर्वाचित सरकारों को गिराने के लिए धारा 356 का सौ बार दुरुपयोग किया है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से संगठन के काम को सर्वोपरि मानते हुए, पार्टी आलाकमान के आदेशों का पालन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में भाजपा सरकार बनने के बाद जशपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में विकास की एक नई लहर आई है। भाजपा ने पिछले 8 महीनों में वह काम कर दिखाया है, जिसके बारे में कांग्रेस कभी सोच भी नहीं सकती थी।

*वित्त मंत्री चौधरी ने गिनाई सरकार की उपलब्धियां*

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत छत्तीसगढ़ में 8 लाख गरीब परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस परिवारवाद में लिप्त है और वह इस योजना को इंदिरा आवास के नाम से चलाना चाहती है। चौधरी ने जोर देकर कहा कि भाजपा सरकार बनने के 12 दिन के अंदर ही किसानों को दो साल का बकाया धान बोनस और 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान की खरीदी कर उनका भुगतान किया गया। इसके अलावा महतारी वंदना योजना के तहत 70 लाख माताओं और बहनों के खाते में राशि डाली गई है।

*भाजपा का आंतरिक लोकतंत्र और संगठन की ताकत से सरकार बनती है: सुनील गुप्ता*

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील गुप्ता ने कहा कि भाजपा एकमात्र ऐसा राजनीतिक दल है, जिसमें आंतरिक लोकतंत्र है और जो अपने संविधान के तहत काम करती है। उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान पार्टी का मूल आधार है और सभी वर्ग, समाज, और आयु के लोग इसमें जुड़ने के लिए तत्पर हैं। उन्होंने सभी पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से सदस्यता अभियान को रिकॉर्ड स्तर पर पूरा करने की अपील की।

*राधेश्याम राठिया ने की कार्यकर्ताओं के निस्वार्थ सेवा की प्रशंसा*

लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया ने भाजपा के कार्यकर्ताओं की निस्वार्थ सेवा की सराहना करते हुए कहा कि पार्टी ने अपनी विचारधारा को कायम रखने के लिए बड़ी तपस्या की है। उन्होंने कहा कि भाजपा गरीब कल्याण के लिए अंत्योदय की विचारधारा से प्रेरित होकर कार्य कर रही है और धारा 370 को समाप्त करके अपने विचार को पुष्ट किया है।

कार्यक्रम के दौरान नगरपालिका अध्यक्ष राधेश्याम राम ने सदस्यता ग्रहण की, जिसके बाद सैकड़ों पदाधिकारियों ने भी भाजपा की सदस्यता ली। कार्यक्रम का संचालन सदस्यता अभियान के जिला संयोजक ओमप्रकाश सिन्हा ने किया और आभार व्यक्त जिला पंचायत उपाध्यक्ष उपेन्द्र यादव ने किया।

इस अवसर पर जिला प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी, सांसद राधेश्याम राठिया, भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील गुप्ता, पूर्व विधायक रोहित साय, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नरेश नंदे, जिला महामंत्री भरत सिंह, मुकेश शर्मा समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।