छत्तीसगढ़ में प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान देश मे सबसे ज्यादा कीमत 3100 ₹ प्रति क्विंटल धान खरीदने वाली भाजपा सरकार में बिचौलिए-किसान और फड़ प्रभारियों की सांठगांठ जारी है।धान खरीदी शुरू होने के बाद धान परिवहन का मामला पकड़ा जाना इसका प्रमाण है।
कबीरधाम,15 नवम्बर 2024 – जिले में धान खरीदी के दौरान अवैध धान परिवहन पर सख्त कार्रवाई शुरू हो गई है। कलेक्टर गोपाल वर्मा के निर्देश पर एक संयुक्त टीम ने पंडरिया ब्लॉक के ग्राम रहमान काँपा के लघुवनोपजन नाके पर एक ट्रक (क्रमांक सीजी 16 सी एल 1676) को जब्त किया, जिसमें 314 क्विंटल (734 बोरी) अवैध धान लदा हुआ था। यह धान मध्य प्रदेश से लाकर कबीरधाम के राजनांदगांव में खपाने की तैयारी थी, जिससे अंतराज्यीय धान परिवहन का मामला सामने आया है।
कबीरधाम जिले में धान खरीदी की प्रक्रिया शुरू हो गई है, और इसे अवैध रूप से खपाए जाने की संभावनाओं को देखते हुए कड़ी निगरानी की जा रही है। कलेक्टर वर्मा ने इस सख्ती के निर्देश दिए हैं ताकि जिले में किसानों का धान सही और उचित मूल्य पर बिक सके। जब्त किए गए अवैध धान को आगामी आदेश तक मंडी परिसर कृषि उपज मंडी, पंडरिया में सुरक्षित रखा गया है।
कबीरधाम में समर्थन मूल्य पर खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 के लिए धान खरीदी आरंभ हो चुकी है। पहले दिन 94 केंद्रों पर 1189 किसानों को टोकन जारी कर 56,520 क्विंटल धान खरीदा गया। 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से इस बार धान खरीदी हो रही है। जिले के 108 धान खरीदी केंद्रों पर कुल 1,24,787 किसानों ने अपना पंजीयन कराया है, जिनके पास 1,24,411 हेक्टेयर क्षेत्र में धान की फसल है।
कलेक्टर गोपाल वर्मा ने जिले में अवैध धान परिवहन और भंडारण पर लगातार नजर बनाए रखने के निर्देश दिए हैं ताकि किसानों को उनके मेहनत का सही लाभ मिल सके और अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह से लगाम लगाई जा सके।