नक्सल मोर्चे पर पीएम मोदी ने की सीएम साय की तारीफ, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से की मुलाक़ात,राज्य की विकास योजनाओं और नक्सल उन्मूलन पर की चर्चा

IMG 20241008 WA0004
फोटो: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने की मुलाकात

नई दिल्ली, 8 अक्टूबर 2024: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी से उनके निवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य में बीते नौ महीनों के दौरान किए गए प्रमुख विकास कार्यों की जानकारी दी, जिनमें कृषि, शिक्षा और कौशल विकास पर केंद्रित पहलों का विशेष उल्लेख किया गया। इसके साथ ही, मुख्यमंत्री ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में हुए हालिया सफल ऑपरेशनों की जानकारी भी प्रधानमंत्री के समक्ष प्रस्तुत की।

मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत राज्य में आठ लाख आवासों की स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह योजना लाखों परिवारों को आवासीय सुरक्षा और स्थिरता प्रदान कर रही है, जिससे उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहे हैं। प्रधानमंत्री ने इस पहल की सराहना की और इसे राज्य के विकास में एक अहम कदम बताया।

मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री साय ने राज्य में माओवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों की प्रगति पर चर्चा की। उन्होंने नारायणपुर और दंतेवाड़ा जिलों में हाल ही में सफलतापूर्वक संपन्न ऑपरेशन का जिक्र करते हुए बताया कि इसमें 31 नक्सलियों का सफाया किया गया, जो राज्य में अब तक का सबसे बड़ा नक्सल विरोधी अभियान रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने इस सफलता के लिए सुरक्षा बलों की प्रशंसा की और इसे राज्य में शांति बहाली और विकास के मार्ग की ओर एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री को आदिवासी क्षेत्रों में युवाओं के कौशल उन्नयन के लिए चलाई जा रही योजनाओं की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं के अंतर्गत युवाओं को तकनीकी और व्यावसायिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे वे रोजगार के बेहतर अवसरों से जुड़ सकें और राज्य के आर्थिक और सामाजिक विकास में योगदान दे सकें।

कृषि के क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को अवगत कराया कि छत्तीसगढ़ में डिजिटल तकनीक और उन्नत कृषि विधियों के इस्तेमाल से किसानों की उत्पादकता और आय में बढ़ोतरी हो रही है। उन्होंने कहा कि यह प्रयास प्रधानमंत्री के “विकसित भारत 2047” के दृष्टिकोण के अनुरूप हैं, और छत्तीसगढ़ इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

शिक्षा के क्षेत्र में भी राज्य में आदिवासी बच्चों के लिए मातृभाषा में शिक्षा की व्यवस्था की गई है, जिससे उनकी शैक्षणिक प्रगति में सुधार हो रहा है। साथ ही, तकनीकी शिक्षा पर विशेष जोर दिया जा रहा है ताकि राज्य के बच्चे आधुनिक तकनीकों में प्रशिक्षित हो सकें और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार हो सकें।

प्रधानमंत्री मोदी ने छत्तीसगढ़ सरकार के इन प्रयासों की सराहना की और राज्य की प्रगति के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का विकास मॉडल अन्य राज्यों के लिए प्रेरणादायक है और इसे और भी सशक्त बनाने के लिए केंद्र सरकार पूर्ण समर्थन देगी।

मुख्यमंत्री साय की यह मुलाकात राज्य के विकास और नक्सल उन्मूलन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।