हॉलीक्रॉस नर्सिंग कॉलेज कुनकुरी में धर्म परिवर्तन का दबाव, छात्रा का आरोप – जिला प्रशासन से की शिकायत,विहिप ने दी चेतावनी

जशपुर,02 अप्रैल 2025 – बड़ी खबर कुनकुरी से सामने आई है जहाँ हॉलीक्रॉस नर्सिंग कॉलेज कुनकुरी की एक छात्रा ने कॉलेज प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रा का कहना है कि कॉलेज की प्रिंसिपल सिस्टर विंसी जोसेफ द्वारा उसे ईसाई धर्म अपनाने के लिए मजबूर किया गया और मना करने पर मानसिक प्रताड़ना दी गई।

IMG20250402150516

कलेक्टर जशपुर को छात्रा ने अपने शिकायती पत्र में उल्लेख किया है कि वह कॉलेज में  नर्सिंग कोर्स के अंतिम वर्ष की छात्रा है और उसे फर्स्ट ईयर में दाखिले के लगभग 3 महीने बाद से ही सिस्टर विंसी द्वारा धर्म परिवर्तन कर नन बनने के लिए बार-बार दबाव डाला गया। जब उसने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया, तो प्रबंधन ने उसके साथ भेदभाव करना शुरू कर दिया।

IMG 20250402 18394252

छात्रा ने आरोप लगाया कि 01 अप्रैल 2024 को उसे हॉस्टल से निकाल दिया गया और कॉलेज परिसर में प्रवेश से भी रोका गया। इसके बाद उसे पढ़ाई और वार्षिक परीक्षा से वंचित करने की कोशिश की गई। जब उसने उच्चाधिकारियों से शिकायत करने की बात कही तब जाकर उसे परीक्षा में बैठने दिया गया, लेकिन प्रबंधन ने उसे प्रैक्टिकल परीक्षा से बाहर रखने की कोशिश की।सिस्टर विंसी छात्रा का शैक्षणिक जीवन खराब कर रही है।

छात्रा ने इस उत्पीड़न के खिलाफ जशपुर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा और कॉलेज प्रशासन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। छात्रा ने एएसपी शशिमोहन सिंह को भी शिकायत की एक कॉपी सौंपी है। छात्रा ने कहा कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला, तो वे आगे की कानूनी कार्रवाई करेंगी।

IMG 20250402 18400992

इस शिकायत के बारे में जैसे ही हिन्दू संगठन विश्व हिंदू परिषद के जिला प्रमुख करनैल सिंह को जानकारी मिली तो उन्होंने इस विषय को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी है।करनैल सिंह ने कहा कि ” शिक्षा और सेवा को धर्मान्तरण का हथियार बनाने वाली मिशनरी संस्था में एक गरीब हिन्दू लड़की को नन बनाने के लिए उसे धर्मपरिवर्तन करने के लिए प्रताड़ित करने से सर्व हिन्दू समाज आहत है।यदि कलेक्टर ,एसपी इस विषय पर तत्काल कार्रवाई कर दोषी संस्था को बंद करते हुए धर्मांतरण करने के लिए छात्रा को फेल करने तक कि साजिश रचनेवाली संस्था प्रमुख को गिरफ्तार नहीं किया जाता है तो हमें मजबूरन सड़क पर उतरना होगा।”

इस मामले में ख़बर ज़नपक्ष हॉलीक्रॉस नर्सिंग कालेज प्रबंधन का पक्ष जानने की कोशिश कर रहा है ,जैसे ही उनका पक्ष सामने आता है,पाठकों तक तत्काल पहुंचाया जाएगा।