सीएम विष्णुदेव साय के रिश्तेदार सड़क हादसे में घायल, रमेश साय की हालत गंभीर

जशपुर, 15 नवंबर 2024 //
कुनकुरी-लवाकेरा स्टेट हाईवे-27 पर शुक्रवार दोपहर लगभग 1:30 बजे एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के चचेरे भाई रमेश साय और उनकी पत्नी पुष्पा साय गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब उनकी कार एक मोड़ पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।

हादसे के बाद थाना प्रभारी सुनील सिंह तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को 108 एम्बुलेंस की सहायता से कुनकुरी के हॉलीक्रॉस अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने बताया कि रमेश साय को गंभीर चोटें आई हैं। उनकी तीन पसलियां टूट गई हैं, और उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है। उनकी पत्नी पुष्पा साय की स्थिति खतरे से बाहर है और उनका इलाज हॉलीक्रॉस अस्पताल में जारी है।

थाना प्रभारी सुनील सिंह ने बताया कि रमेश साय तपकरा निवासी हैं और शिक्षा विभाग में कार्यरत हैं। वे पूर्व विधायक रोहित साय के बड़े भाई और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के चचेरे भाई हैं। शुक्रवार को वे अपनी निजी कार  अपनी पत्नी के साथ तपकरा से कुनकुरी आ रहे थे, तभी एक मोड़ पर उनका वाहन अनियंत्रित हो गया और पेड़ से टकरा गया।

हादसे की जानकारी मिलते ही एडिशनल एसपी अनिल सोनी, एसडीओपी विनोद मंडावी,एसडीएम नन्दजी पांडे, सीएमएचओ जशपुर, और बीएमओ कुनकुरी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और उनके इलाज में कोई कमी न रहने देने का आश्वासन दिया। एसडीओपी विनोद मंडावी ने कहा, “यह हादसा अचानक हुआ है। हम मामले की जांच कर रहे हैं।”

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को जब हादसे की सूचना मिली तो उन्होंने तत्काल रांची और कुनकुरी के चिकित्सा अधिकारियों से बात की। उन्होंने रमेश साय के बेहतर इलाज और उनके शीघ्र स्वस्थ होने के लिए हर संभव मदद का आश्वासन दिया।

घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल है। रमेश साय की गंभीर स्थिति और मुख्यमंत्री के परिवार से जुड़ाव होने के कारण स्थानीय लोग चिंतित हैं। अस्पताल के बाहर रिश्तेदारों और शुभचिंतकों का तांता लगा हुआ है।