
जशपुर, 06 अप्रैल 2025- जिले के प्रतिष्ठित हॉलीक्रॉस नर्सिंग कॉलेज कुनकुरी की प्राचार्या नन विंसी जोसफ एक गंभीर विवाद के केंद्र में हैं। एक छात्रा ने उन पर न सिर्फ मानसिक दबाव बनाने का आरोप लगाया है, बल्कि यह भी कहा है कि उन्होंने उसे ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया ताकि वह अपने साथ हुए यौन अपराध के आरोपी को माफ कर कोर्ट में बयान बदल दे।
पीड़िता के अनुसार, यह मामला वर्ष 2020 से जुड़ा है। जब वह वर्ष 2021-22 में फर्स्ट ईयर नर्सिंग में दाखिल हुई, तभी से सिस्टर विंसी जोसफ उस पर लगातार दबाव बनाती रहीं कि वह आरोपी को माफ कर दे और बयान बदल दे। पीड़िता का दावा है कि आरोपी का पिता हॉलीक्रॉस अस्पताल में कर्मचारी है, और यही वजह रही कि प्राचार्या ने आरोपी के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश की।
छात्रा बताती है कि जब उसने इस दबाव की जानकारी अपनी मां को दी तो मां ने कहा—”वो तो सिस्टर है, उसने बेटी नहीं जनी है, इस दर्द को क्या समझेगी?” पीड़िता ने आगे बताया कि कुछ महीनों तक सिस्टर विंसी ने बेहद आत्मीयता दिखाते हुए उसे यह विश्वास दिलाने की कोशिश की कि उसका भविष्य हिंदू धर्म में अंधकारमय है, क्योंकि ‘खराब नाम वाली लड़की से कौन शादी करेगा’, इसलिए ‘सिस्टर लाइन’ में आ जाना ही बेहतर होगा।
पीड़िता ने यह भी बताया कि प्राचार्या उसकी पढ़ाई और काबिलियत से खुश थीं, और यही वजह रही कि शुरू में उसका विश्वास जीतने की कोशिश की गई। परंतु जब 2023 में आरोपी को सजा हो गई और छात्रा ने धर्मांतरण से इनकार कर दिया, तो सिस्टर विंसी का रवैया पूरी तरह बदल गया। बार-बार अनुपस्थित दिखाकर परेशान किया गया और अंततः 1 अप्रैल 2024 को उसे हॉस्टल से निकाल दिया गया। इसके बाद जब वह अस्पताल में ड्यूटी पर जाती थी तो वहां भी उसे काम नहीं करने दिया गया।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि ईसाई समाज के कुछ लोग अब उसकी सहेलियों को धमका रहे हैं, जबकि उन्हें सच्चाई सामने लाने के लिए आगे आना चाहिए। “अगर आप उन लड़कियों से जाकर बात करें जो कोर्स बीच में छोड़ चुकी हैं, तो सारा मामला साफ हो जाएगा,” छात्रा ने कहा।
फिलहाल छात्रा ने जशपुर कलेक्टर और स्थानीय पुलिस को शिकायत दी है। शिकायत पर कलेक्टर ने जांच बिठा दी है। सवाल यह है कि क्या इस गंभीर मामले में निष्पक्ष जांच हो पाएगी? क्या प्राचार्या पर लगे आरोप सही साबित होंगे, या यह एक सुनियोजित साजिश है?
जांच के नतीजों का इंतजार अब पूरे जिले को है।





















