खबर विशेष: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रोत्साहन से जशपुरिया खिलाड़ियों ने बढ़ाया छत्तीसगढ़ का मान,जिला प्रशासन की देखरेख में बढ़ते खिलाड़ियों पर एक रिपोर्ट,,,,

IMG 20240918 WA0007
फोटो: तीरंदाजी करता पहाड़ी कोरवा जनजाति का बालक

जशपुर, 18 सितंबर 2024:
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन और खेल-कूद के प्रति समर्पण का परिणाम है कि जशपुर जिले के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आज सम्मान और पहचान मिल रही है। विशेष रूप से जिले के दूरस्थ अंचल की पहाड़ी कोरवा जनजाति के बच्चों को तीरंदाजी और अन्य खेलों में नई पहचान मिल रही है, जो जिले की गौरवपूर्ण उपलब्धियों में शामिल है।

जशपुर जिला मुख्यालय में छत्तीसगढ़ शासन और जिला प्रशासन की पहल पर तीरंदाजी केंद्र और एकलव्य खेल अकादमी संचालित की जा रही है। यहां बच्चों को नि:शुल्क रहने, खाने और पढ़ाई की सुविधा के साथ-साथ खेल प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कलेक्टर डॉ. रवि मित्तल के दिशा-निर्देशन में यह अकादमी सफलतापूर्वक खिलाड़ियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर प्रदान कर रही है।

पहाड़ी कोरवा जनजाति के अनिल राम की सफलता
तीरंदाजी केंद्र से प्रशिक्षित पहाड़ी कोरवा जनजाति के बालक अनिल राम ने कबीरधाम में आयोजित राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा तीरंदाजी प्रतियोगिता 2022 में स्वर्ण पदक जीता था और राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित हुए थे। 2023 में कोण्डागांव में हुई राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा तीरंदाजी प्रतियोगिता में अनिल ने अंडर-14 कंपाउंड राउंड में रजत पदक हासिल कर एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर के लिए चुने गए। उन्होंने गुजरात में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

विपिन कुमार भगत की राष्ट्रीय स्तर पर भागीदारी
विपिन कुमार भगत, जो इस अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं, ने बताया कि उन्हें यहां सभी आवश्यक सुविधाएं निःशुल्क मिल रही हैं। वे उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने गए थे। अकादमी के प्रशिक्षक राजेन्द्र देवांगन के मार्गदर्शन में बच्चे प्रतिदिन तीरंदाजी का गहन प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं और नेशनल स्तर पर भी पदक जीत चुके हैं।

खिलाड़ियों की उपलब्धियों से जशपुर में उत्साह
राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर भाग लेने के बाद बच्चों के चेहरों पर एक अलग आत्मविश्वास और मुस्कान दिखाई दे रही है। प्रशिक्षक देवांगन ने कहा कि अगर इसी तरह से अकादमी चलती रही, तो बच्चे भविष्य में अंतरराष्ट्रीय और ओलंपिक स्तर पर भी अपनी छाप छोड़ेंगे। वर्तमान में, तीरंदाजी, तैराकी, और ताइक्वांडो में 30 बच्चे प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।

खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को सर्व सुविधाएं उपलब्ध कराने और खेल के प्रति समर्पण के लिए धन्यवाद दिया। यह विष्णु सरकार की दूरदर्शी नीतियों का परिणाम है कि जशपुर के युवा खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं और अपनी प्रतिभा को निखारने का मौका पा रहे हैं।