जिले के विद्यार्थी साइंस एंड रिसर्च में आगे बढ़ सकते हैं – कलेक्टर व्यास,जशपुर विधायक रायमुनी ने अन्वेषण कार्यक्रम का किया उद्घाटन

जशपुर,08 नवम्बर 2024 –  विधायक रायमुनि भगत ने संकल्प शिक्षण संस्थान में “अन्वेषण” कार्यक्रम का शुभारंभ किया, जो अंतरिक्ष विज्ञान में जिले के विद्यार्थियों को प्रेरित करने का अनूठा प्रयास है। इस अवसर पर उन्होंने एपीजे अब्दुल कलाम और कल्पना चावला का उदाहरण देते हुए कहा कि जिले के विद्यार्थी भी विज्ञान और अनुसंधान में करियर बना सकते हैं।

कलेक्टर रोहित व्यास ने इस कार्यक्रम को विद्यार्थियों के लिए विज्ञान और प्रौद्योगिकी की समझ बढ़ाने का अवसर बताते हुए स्पेस साइंस में करियर की संभावनाओं पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि “अन्वेषण” के तहत जिले के विद्यालयों में स्टार गेजिंग और खगोल विज्ञान की गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

“अन्वेषण” के अंतर्गत 18 नवंबर से “अंतरिक्ष ज्ञान अभियान” भी शुरू होगा, जिसमें 45 हायर सेकेंडरी विद्यालयों के लगभग 12,000 विद्यार्थियों को चलित वैन के माध्यम से अंतरिक्ष की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा, जिले के आठ विकासखंड मुख्यालयों में 3डी-प्लेनेटोरियम शो का आयोजन किया जाएगा, जहां विद्यार्थी ग्रहों और तारों के बीच यात्रा का अद्भुत अनुभव कर सकेंगे।

शुभारंभ कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के प्रभारी विश्वासराव मस्के, जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद भटनागर, संकल्प प्राचार्य विनोद गुप्ता और अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।