जशपुर, 6 अक्टूबर 2024 – जशपुर जिले में संचालित नव संकल्प शिक्षण संस्थान, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की दूरदर्शी पहल के तहत, आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं के लिए नई उम्मीद बन गया है। यह संस्थान न केवल युवाओं को डिफेंस क्षेत्र में निःशुल्क प्रशिक्षण और शिक्षा प्रदान करता है, बल्कि उनके लिए आवास और भोजन की सुविधाएं भी उपलब्ध कराता है। कलेक्टर डॉ. रवि मित्तल के मार्गदर्शन में संचालित यह संस्थान युवाओं को आत्मनिर्भरता की राह पर सशक्त कर रहा है और उन्हें एक उज्जवल भविष्य की ओर अग्रसर कर रहा है।

दीपा सिदार: मेहनत और आत्मविश्वास की प्रेरक कहानी
पत्थलगांव की रहने वाली दीपा सिदार, जिनका परिवार मजदूरी से जीवनयापन करता है, ने अपने सपनों को कभी पीछे नहीं छोड़ा। नव संकल्प संस्थान में प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने फिजिकल परीक्षा में 85 अंक हासिल किए, जो उनकी मेहनत और आत्मविश्वास का प्रतीक है। दीपा अब डिफेंस सेक्टर में अपना भविष्य देखने को तैयार हैं। वह कहती हैं, “नव संकल्प संस्थान ने मुझे और मेरे जैसे कई युवाओं को नई दिशा दिखाई है। यह हमारे सपनों को साकार करने का अवसर है।”
सरिता यादव: जिम्मेदारियों के बावजूद दृढ़ संकल्प
कुनकुरी की सरिता यादव ने ग्रेजुएशन के बाद परिवार की जिम्मेदारियों को निभाते हुए नव संकल्प संस्थान में दाखिला लिया और अब अपने सपनों को पूरा करने के करीब हैं। सरिता का कहना है, “संस्थान में मिला निःशुल्क प्रशिक्षण और सही मार्गदर्शन ने मुझे आत्मविश्वास दिया है कि मैं भी अपने सपनों को साकार कर सकती हूं।” उनकी कहानी यह साबित करती है कि यदि इच्छाशक्ति और अवसर मिलें, तो कोई भी चुनौती असंभव नहीं होती।
नमिता बड़ा और संजना भगत: सही मार्गदर्शन से आत्मविश्वास
जशपुर की ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाली नमिता बड़ा और संजना भगत, अपने सपनों की राह से भटक चुकी थीं। लेकिन नव संकल्प शिक्षण संस्थान ने उन्हें नई दिशा दी। नमिता ने शारीरिक दक्षता में 100% अंक हासिल किए, जो उनके समर्पण और मेहनत का प्रमाण है। अब दोनों युवा आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्यों की ओर अग्रसर हैं। नमिता कहती हैं, “यह संस्थान हमारे सपनों को साकार करने का जरिया बन गया है।”
मुख्यमंत्री की पहल से बदल रही है सैकड़ों युवाओं की जिंदगी
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की दूरदर्शी पहल और जशपुर जिला प्रशासन की सक्रियता से नव संकल्प शिक्षण संस्थान सैकड़ों युवाओं को आत्मनिर्भर बनने की राह दिखा रहा है। यह संस्थान न केवल युवाओं के जीवन को बदल रहा है, बल्कि पूरे राज्य के लिए एक प्रेरणा का स्रोत बन गया है।
प्रशासन और पुलिस विभाग की सक्रिय भागीदारी
कलेक्टर डॉ. रवि मित्तल के मार्गदर्शन में, पुलिस पीटीआई द्वारा प्रतिदिन दिए जाने वाले प्रशिक्षण से युवा अग्निवीर और सुरक्षा क्षेत्र में कैरियर बनाने की दिशा में अग्रसर हो रहे हैं। नव संकल्प शिक्षण संस्थान आज युवाओं के आत्मनिर्भरता की एक मिसाल है, जहाँ सैकड़ों युवा अपने सपनों को साकार करने के लिए लगातार मेहनत कर रहे हैं।




















