बगीचा/जशपुर,19 अप्रैल 2025 – स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंस लिमिटेड में 2.69 लाख रुपए के गबन के मामले में फरार चल रहे ब्रांच मैनेजर नितेश विश्वकर्मा को जशपुर पुलिस ने झारखंड के पलामू जिले से गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में एक अन्य आरोपी सूरज कुमार भारती को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
फाइनेंस कंपनी का पैसा खुद खर्च कर रहे थे आरोपी
बगीचा फाइनेंस शाखा के मैनेजर नरेंद्र साहू ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि शाखा के कर्मचारी सूरज भारती और ब्रांच मैनेजर नितेश ने मिलकर ₹2,69,051 की गबन की। दोनों आरोपी लोन की किस्तों को ग्रामीण महिला हितग्राहियों से वसूल कर कंपनी में जमा करने की बजाय कैश और फोनपे के जरिए खुद खर्च कर रहे थे।
ग्रामीण महिलाओं की शिकायत के बाद मामला उजागर हुआ और फाइनेंस कंपनी की जांच में दोनों की मिलीभगत की पुष्टि हुई।
घटना के बाद से फरार था आरोपी, झारखंड से पकड़ा गया
मामला दर्ज होने के बाद से नितेश विश्वकर्मा फरार चल रहा था। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में निरीक्षक संतलाल आयाम के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई। लगातार दबिश और साइबर सेल की मदद से पुलिस को पता चला कि आरोपी पिपरा खुर्द (पलामू, झारखंड) में छिपा है। टीम ने मौके पर दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर जशपुर लाया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी सूरज के साथ मिलकर रकम गबन की और उसे घरेलू खर्चों में उड़ा दिया।
पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवालों का मिला करारा जवाब
इस कार्रवाई को लेकर कुछ वर्गों द्वारा राजनीतिक टिप्पणी की जा रही थी, लेकिन पुलिस ने यह गिरफ्तारी कर साफ कर दिया कि जशपुर पुलिस का फोकस सिर्फ अपराध और अपराधियों पर है, न कि किसी दबाव या राजनीति पर।
जशपुर पुलिस ने कहा – अपराधी कोई भी हो, बख्शा नहीं जाएगा
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा, “हमारी प्राथमिकता है कि अपराध करने वाले को कानून के दायरे में लाया जाए और पीड़ित को न्याय मिले। पुलिस पर जनता और जनप्रतिनिधियों का भरोसा बना हुआ है, जिसे हम कायम रखेंगे।”
टीम ने किया सराहनीय कार्य
इस मामले की विवेचना और गिरफ्तारी में निरीक्षक संतलाल आयाम, आर. 685 मुकेश पांडेय, आर. 747 उमेश भारद्वाज और सायबर सेल के सै. बली रवि का महत्वपूर्ण योगदान रहा।





















