‘अतिथि जशपुर से सुंदर यादें लेकर जाएं’ थीम पर विकास प्राधिकरण की पहली बैठक को ऐतिहासिक बनाने में जुटा प्रशासन

जशपुर, 14 अक्टूबर 2024 / मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 21 अक्टूबर को मयाली डेम में होने जा रही सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की बैठक में शामिल होंगे। इसको लेकर कलेक्टर डॉ. रवि मित्तल और पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक बुलाई और सभी तैयारियों को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि यह एक महत्वपूर्ण बैठक है, और इसमें किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिया कि अतिथियों का स्वागत जशपुर के पारंपरिक रीति-रिवाज से किया जाएगा और भोजन में स्थानीय पारंपरिक, पौष्टिक व्यंजनों को परोसा जाएगा। साथ ही, उन्होंने चिकित्सा टीम को सक्रिय रहने और सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

इसके अलावा जिला प्रशासन अतिथियों को जशपुर के प्राकृतिक सौंदर्य से परिचित कराने के लिए विशेष योजना बना रहा है, ताकि मेहमान इस क्षेत्र से सुंदर यादें लेकर जाएं। स्वागत द्वार पर सरगुजा संभाग के प्रमुख पर्यटन स्थलों की फोटो प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी ताकि अतिथि इन स्थानों की खूबसूरती का अनुभव कर सकें।

इस बैठक में उप मुख्यमंत्री और विभिन्न मंत्री भी शामिल हो सकते हैं। कलेक्टर ने विशेष व्यवस्था के तहत माइक, एलईडी स्क्रीन, साफ-सफाई, पेयजल और बिजली की पूरी तैयारी के निर्देश दिए हैं।

हम आपको बताते चलें कि मयाली नेचर कैम्प सीएम श्री साय की कुनकुरी विधानसभा का बड़ा पर्यटन केंद्र है।यहां मधेश्वर पर्वत जिसे विश्व का सबसे बड़ा प्राकृतिक शिवलिंग कहा जाता है,बड़ा मनमोहक है।मयाली नेचर कैम्प पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के समय तत्कालीन विधायक रोहित साय की बड़ी देन है।जिसे पिछली भूपेश सरकार में मनाली जैसा पर्यटन विकास करने की भरपूर कोशिश विधायक यू डी मिंज ने की थी।यह कुनकुरी विधानसभा की किस्मत थी कि कांग्रेस के सिटिंग एमएलए यूडी मिंज चुनाव हार गए और राजनीति के सूर्य विष्णुदेव साय एमएलए बनते ही मुख्यमंत्री बन गए।अब सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण के पदेन अध्यक्ष होने के नाते पहली बैठक सीएम की विधानसभा में 21 अक्टूबर को होने जा रही है तो जाहिर है सबकुछ  ऐतिहासिक ही होगा।