**मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल से जिले में हाथी से जनहानि रोकने के लिए सक्रिय हुआ एनीमल ट्रेकर डिवाइस** **जशपुर में एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन**

IMG 20240731 WA0007

जशपुर, 31 जुलाई 2024: छत्तीसगढ़ के सबसे अधिक हाथी प्रभावित जिलों में शामिल जशपुर में जनहानि को रोकने के लिए वन विभाग ने एक नया प्रयोग शुरू किया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर जिले को एनीमल ट्रेकर डिवाइस उपलब्ध कराया गया है। इस डिवाइस के माध्यम से हाथियों की हलचल से होने वाले जनहानि को रोका जा सकेगा।

डीएफओ जितेंद्र उपाध्याय ने बताया कि क्षेत्र में हाथी के आने की सूचना मिलते ही एनीमल ट्रेकर ऐप पर बीट गार्ड ऑनलाइन सूचना एंट्री करेंगे। इसमें हाथियों की संख्या और उनके जाने की संभावना का विवरण दर्ज होगा। जैसे ही सूचना ऐप में दर्ज होती है, उस बीट क्षेत्र के 10,000 लोगों को एसएमएस और वॉइस मेसेज के माध्यम से सूचना पहुंच जाएगी।

उपाध्याय ने बताया कि टेक्स्ट मैसेज के साथ ही वॉइस मेसेज भी ऐप में पंजीबद्ध मोबाइल पर पहुंचेगा। विभाग का लक्ष्य अधिक से अधिक लोगों तक हाथियों की हलचल की सूचना पहुंचा कर, उन्हें विचरण वाले क्षेत्र से दूर रखना है, ताकि जनहानि ना हो।

इस प्रयास के तहत जिला पंचायत में एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें प्रशिक्षु आईपीएस एसडीओपी निखिल अग्रवाल, वन विभाग के एसडीओ, वन परिक्षेत्र अधिकारी, बीट गार्ड, और स्वास्थ्य व शिक्षा विभाग के कर्मचारी उपस्थित थे।