जशपुर,12 नवंबर 2024: जशपुर कलेक्ट्रेट में एक नई परंपरा की शुरुआत हुई है, जहाँ हर दिन के कामकाज की शुरुआत राष्ट्रगान “जन-गण-मन” के सामूहिक गायन के साथ की जाती है। जिससे कलेक्ट्रेट में अनुशासन, समय की पाबंदी, और अधिकारी-कर्मचारियों के बीच एकता की भावना मजबूत हो रही है।
कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देशन में शुरू किए गए इस कदम का उद्देश्य कर्मचारियों के बीच टीम वर्क को बढ़ावा देना और समय की अहमियत को स्थापित करना है। प्रतिदिन सुबह 10 बजे कलेक्ट्रेट परिसर में सभी अधिकारी एवं कर्मचारी एकजुट होकर राष्ट्रगान गाते हैं, जिससे पूरे कार्यालय में ऊर्जा और देशभक्ति का माहौल बनता है।
अधिकारियों-कर्मचारियों ने अमर उजाला को बताया कि
राष्ट्रगान के साथ कार्यदिवस की शुरुआत न केवल सभी में एक नई ऊर्जा का संचार कर रही है, बल्कि यह सरकारी सेवाओं में अनुशासन और एकजुटता का प्रतीक भी बन गई है। इस पहल के कारण कर्मचारियों में समय की पाबंदी बढ़ी है, साथ ही उनके बीच सामूहिकता और उद्देश्य की भावना भी मजबूत हो रही है।
कलेक्टर रोहित व्यास ने इस परंपरा को नियमित रूप से बनाए रखने पर जोर दिया है। उनका मानना है कि यह छोटा-सा प्रयास पूरे विभाग में सकारात्मक बदलाव ला सकता है और जनता को बेहतर सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रेरित करेगा।