**मुंगेली, 22 अगस्त 2024** – मुंगेली जिले में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आज रक्षित केंद्र परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी राहुल देव और पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गिरिजाशंकर जायसवाल ने विशेष रूप से भाग लिया, जिससे इस अभियान को लेकर लोगों में सकारात्मक संदेश गया है।
रक्षित केंद्र परिसर, जो कि लगभग 23 एकड़ में फैला हुआ है, में आज 600 से अधिक छायादार और फलदार वृक्षों का रोपण किया गया। मुख्य रूप से गुलमोहर, कनेर और शीशम के साथ-साथ विभिन्न प्रकार के फलदार वृक्ष लगाए गए। इस कार्यक्रम में वनमंडलाधिकारी संजय यादव और वन विभाग के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया। पुलिस विभाग के 200 से अधिक अधिकारी और जवानों ने भी वृक्षारोपण में अपनी भागीदारी निभाई।
वृक्षारोपण के बाद, रक्षित केंद्र के सभा कक्ष में पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए एक मंचीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। अपने उद्बोधन में मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रभाकर पाण्डेय ने पुलिस विभाग द्वारा कानून व्यवस्था के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में उठाए गए इस कदम की सराहना की। वनमंडलाधिकारी संजय यादव ने वृक्षारोपण के महत्व और वृक्षों के रख-रखाव पर जोर दिया, साथ ही पर्यावरण जागरूकता के संबंध में अपने विचार साझा किए।
पुलिस उप महानिरीक्षक और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गिरिजा शंकर जायसवाल ने इस कार्यक्रम के आयोजन के उद्देश्य और महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने अपने ग्रामीण जीवन के अनुभव साझा करते हुए पर्यावरण, कृषि, और जलवायु संरक्षण के महत्व को रेखांकित किया और सभी को इस दिशा में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री राहुल देव ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को इस अभियान में एक पेड़ ‘मां के नाम’ अवश्य लगाना चाहिए।
इस कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी श्रीमती निष्ठा पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मेनका प्रधान, उप पुलिस अधीक्षक एस. आर. घृतलहरे, डी. के. सिंह, प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुम्भकार, रक्षित निरीक्षक श्रीमती ख्रिष्ट नरगिस तिग्गा बघेल, प्रेस क्लब के अध्यक्ष श्री अनिल सोनी, और पत्रकार गण श्री प्रशांत शर्मा, श्री सुनील पाठक ने भी वृक्षारोपण किया।