बड़ी खबर: व्यापारी के घर में लगी आग, पुलिस और फायर बिग्रेड की तत्परता से बड़ा हादसा टला

IMG 20241101 WA0014

जशपुर/कुनकुरी:),1 नववम्बर 2024 – आज सुबह लगभग 5:30 बजे कुनकुरी के एक मोबाइल व्यवसायी पवन लड्ढा के घर में अचानक आग लग गई। घटना के बाद मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई, और लोगों ने तुरंत पुलिस और अग्निशमन विभाग को इसकी सूचना दी। घटना जैन मंदिर के पीछे स्थित गली की है। सूचना मिलते ही कुनकुरी थाना प्रभारी सुनील सिंह ने तत्परता दिखाते हुए फायर ब्रिगेड टीम के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इसी बीच, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के गृह निवास बगिया से भी एक अतिरिक्त फायर ब्रिगेड वाहन घटनास्थल पर भेजा गया। कुशल अग्निशमन प्रयासों के चलते कुछ ही समय में आग पर काबू पा लिया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग पूजा के कमरे में लगी थी। यह शॉर्ट सर्किट या दीये से जलने के कारण हो सकती है, लेकिन इसमें किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और बड़ा हादसा टल गया। इस त्वरित कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, कुनकुरी पुलिस प्रशासन, और फायर ब्रिगेड टीम की स्थानीय लोगों ने सराहना की है। इस राहत कार्य में थाना प्रभारी सुनील सिंह के साथ नंदलाल यादव,ढलेश्वर यादव जितेन्द्र गुप्ता,मनोज एक्का, आदित्य साय, और फायर ब्रिगेड टीम के सैनिक मत्थू नारायण, अजय आगापित, प्रकाश तथा नगर पंचायत के चालक पंचम कुजूर की भी अहम भूमिका रही।  

गुमला पुलिस को बड़ी सफलता: झांगुर गुट का कुख्यात अपराधी अरविंद उरांव उर्फ झुंझुनू गिरफ्तार, पुलिस से लूटी गई पिस्टल और कारतूस बरामद

1002537222

गुमला, झारखंड ,29 अक्टूबर 2024– गुमला पुलिस ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए अपराधी संगठन झांगुर गुट के सक्रिय सदस्य अरविंद उरांव उर्फ झुंझुनू उरांव को गिरफ्तार कर लिया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने अपराधी के कब्जे से एक पुलिस से लूटी गई 9 एमएम पिस्टल, 5 जिंदा कारतूस और एक देशी कट्टा बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने बताया कि अरविंद उरांव बिशुनपुर और गुरदारी थानों में कई मामलों में वांछित था। एसपी ने जानकारी दी कि कुछ समय पहले नेतरहाट घाटी में एक पुलिस जवान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसमें अरविंद मुख्य आरोपी था। इस हत्या में उसी 9 एमएम पिस्टल का इस्तेमाल किया गया था, जो पुलिस ने उसके पास से बरामद की है। एसपी शंभू कुमार सिंह ने कहा, “अरविंद की गिरफ्तारी झांगुर गुट के लिए एक बड़ा झटका है। यह गुट झारखंड में अपराध की कई घटनाओं में शामिल रहा है। जल्द ही इस संगठन के बाकी अपराधियों को भी गिरफ्तार कर पूरी तरह से समाप्त किया जाएगा।” पुलिस ने इस सफलता में जिला बल और एसएसबी की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की है। कार्रवाई के दौरान एसएसबी टीम ने तत्परता से सहयोग करते हुए अपराधी को पकड़ने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। एसपी ने बताया कि झांगुर गुट का सरगना रामदेव उरांव से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी मिल रही थी, जिसके आधार पर रेड कार्रवाई की गई और इस दौरान अरविंद उरांव गिरफ्त में आ गया। इस सफलता से झांगुर गुट को कमजोर करने की दिशा में एक बड़ी जीत मानी जा रही है, और गुमला पुलिस अपराधी संगठन के अन्य सदस्यों को भी जल्द ही पकड़ने का दावा कर रही है। बता दें कि झांगुर गुट उसी तरह चरमपंथियों का एक दस्ता है जैसा मंगल नगेशिया का था।इस गुट के पास आधुनिक स्वचालित हथियार भी हैं।इसका प्रभाव क्षेत्र गुमला और लातेहार जिले में माना जाता रहा है।  

“जशपुर पुलिस का नशे के खिलाफ अभियान जारी रहेगा” – एसपी शशि मोहन सिंह

1002536779

जशपुर, 29 अक्टूबर 2024 – “जशपुर पुलिस अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार में शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई कर रही है। नशे के खिलाफ हमारा अभियान अनवरत जारी रहेगा, और हम सभी नागरिकों से अपील करते हैं कि अपने आसपास की ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना हमें दें,” जशपुर पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह का यह सख्त संदेश तब आया, जब पुलिस ने एक विशेष ऑपरेशन के तहत आरोपी नीलम लकड़ा को भारी मात्रा में गांजा रखने के आरोप में गिरफ्तार किया। दरअसल, एसपी शाहीमोहन को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर, थाना तुमला के निरीक्षक कोमल नेताम के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने ग्राम जोरण्डाझरिया स्थित आरोपी के ससुराल घर में छापा मारा। घर की बारीकी से तलाशी के दौरान, प्लास्टिक के बोरे में छिपाकर रखे गए 9 किलो 500 ग्राम गांजे के 7 पैकेट बरामद किए गए, जिसकी बाजार में कीमत लगभग 95,000 रुपये आंकी गई है। पूछताछ में नीलम लकड़ा ने बताया कि वह इस गांजे को बेचने की योजना बना रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 20 (बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। इस कार्रवाई में योगदान देने वाले निरीक्षक कोमल नेताम और अन्य पुलिसकर्मियों को एसपी शशि मोहन सिंह ने नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। एसपी ने इस अवसर पर जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि जशपुर पुलिस नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कठोर कदम उठाती रहेगी।  

सरकारी रोलर चोरी कर कबाड़ में बेचने वाला धराया,6 महीने से पुलिस को चकमा दे रहा था आरोपी तनवीर

1002533474

जशपुर,28 अक्टूबर 2024 – जशपुर पुलिस ने आखिरकार शासकीय रोलर चोरी मामले में 6 महीने से फरार मुख्य आरोपी मो. तनवीर अंसारी को पकड़ लिया है। ये वही शख्स है जिसने अपने साथी की मदद से सरबकोंबो में PWD का रोलर चुराकर झारखंड में कबाड़ के रूप में बेच दिया था। इस वारदात को अंजाम देने के लिए उसने बाकायदा क्रेन और ट्रक का इस्तेमाल किया था, जिससे रोलर को उठाकर आरा और सकरडेगा रोड से झारखंड पहुंचाया। इस कार्रवाई में जशपुर पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर एक विशेष टीम बनाई गई, जिसने साइबर सेल की सहायता से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। लंबे समय से फरार चल रहे तनवीर को रायपुर से हिरासत में लिया गया, जहां वह ट्रक चला रहा था। पूछताछ में उसने रोलर चोरी कर कबाड़ में बेचने की बात कबूल की और बताया कि उसे 30 हजार रुपए मिले थे, जिसमें से केवल 3 हजार ही बचा पाया। पुलिस ने तनवीर को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है और अन्य चार फरार आरोपियों की तलाश जारी है।प्रकरण की विवेचना कार्यवाही एवं आरोपी को गिरफ्तार करने में निरीक्षक रामसाय पैंकरा, स.उ.नि. भुनेष्वर भगत, स.उ.नि. नसरूद्दीन अंसारी, आर. 685 मुकेश पाण्डेय का योगदान रहा है। पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह द्वारा कहा गया है कि :-” शासकीय रोलर चोरी करने के मामले में मुख्य आरोपी मो. तनवीर अंसारी को गिरफ्तार कर लिया गया है, आरोपी के संबंध में झारखंड पुलिस से संपर्क कर और जानकारी जुटाई जा रही है कि यह इस प्रकार के कितने अपराधों में सम्मिलित रहा है, शेष फरार 04 आरोपियों की सघन पतासाजी की जा रही है।”  

आमने-सामने की टक्कर में लोयोला के शिक्षक का पैर टूटा,उंगली कटकर हुई अलग,डॉक्टरों ने किया रेफर

IMG 20241024 160919

जशपुर/कुनकुरी,24 अक्टूबर 2024 – नेशनल हाइवे 43 पर सड़क हादसे में दो बाइक सवार बुरी तरह घायल हो गए हैं।घायलों में लोयोला हाईस्कूल के वरिष्ठ शिक्षक राजेन्द्र गुप्ता उर्फ राजू और प्रकाश यादव दोनों कुनकुरी निवासी हैं,जिन्हें पुलिस ने अपनी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया। घटना सुबह करीब 8 बजे की है,जब लोयोला के शिक्षक राजेन्द्र गुप्ता अपनी बाईक से जशपुर रोड में किसी काम से लोयोला स्कूल की ओर जा रहे थे।उसी समय विपरीत दिशा से शंकरनगर निवासी प्रकाश यादव 20 वर्ष अपनी बाइक से आ रहा था।इसी दौरान नाला जनरल स्टोर के सामने दोनों बाईक आमने-सामने टकरा गए जिसमें दोनों को चोटें आईं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना में दोनों बाईक सवार बुरी तरह घायल हो गए।चोट को देखते हुए घायलों को कोई उठा नहीं रहा था।कृष्णा यादव ने थाना में फोन करके घटना की जानकारी दी।जिसपर थाना प्रभारी सुनील सिंह ने आरक्षक जितेंद्र गुप्ता, गणेश यादव को तत्काल घटनास्थल भेजा।दोनों आरक्षकों ने घायलों की स्थिति देखते हुए 108 क् इंतजार न कर पुलिस की गाड़ी में उठाकर अस्पताल पहुंचाया।यदि अस्पताल पहुंचाने में देर होती तो ज्यादा खून बहने से घायलों की स्थिति और खराब हो सकती थी। फिलहाल,कुनकुरी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घायल राजेन्द्र गुप्ता को अम्बिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।वहीं घायल प्रकाश यादव का इलाज कुनकुरी के निजी अस्पताल में चल रहा है। थाना प्रभारी सुनील सिंह ने लोगों से अपील की है कि “सड़क दुर्घटना होने पर घायलों का जीवन बचाने के लिए आगे आएं।पुलिस को तत्काल सूचना दें।”

जशपुर पुलिस ने जनता के सहयोग से 5 हजार के इनामी आरोपी को किया गिरफ्तार

Picsart 24 10 24 14 55 57 839

जशपुर, 24 अक्टूबर 2024: लंबे समय से फरार लूट के आरोपी कृष्णा कुमार यादव को जशपुर पुलिस ने जनता की सहायता से गिरफ्तार कर लिया है। एसपी शशि मोहन सिंह द्वारा इस पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। आरोपी चावल प्राप्त करने के लिए सोसायटी में KYC कराने के दौरान जनता से मिली सूचना के आधार पर पकड़ा गया। गौरतलब है कि इस मामले के अन्य चार आरोपी पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं, और आरोपी कृष्णा कुमार यादव फरसाबहार थाना क्षेत्र का रहने वाला है। इस पर कुनकुरी थाने में अपराध क्रमांक 50/2023 के तहत धारा 392 और 395 के तहत मामला दर्ज है। जाने कैसे हुई गिरफ्तारी: मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी सिकिरमा पंचायत में चावल लेने के लिए KYC कराने आया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम की इस कामयाबी में थाना प्रभारी विवेक भगत और उनकी टीम की अहम भूमिका रही। इस लूटकांड में 27 अप्रैल 2023 को पीकअप वाहन में DJ साउंड सिस्टम को ग्राम रेमते ले जाते समय आरोपी और उसके सहयोगियों ने पीड़ित को रोककर मारपीट की धमकी देते हुए DJ सिस्टम लूट लिया था। पहले ही चार आरोपियों को मई 2023 में गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि कृष्णा कुमार फरार था। एसपी शशि मोहन सिंह ने बताया, “जशपुर पुलिस ने लूट के प्रकरण में 5 हजार के इनामी आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। फरार आरोपियों पर इनाम की घोषणाएं जारी की गई हैं, और सूचना देने वालों का नाम गोपनीय रखा जाएगा। पुलिस-पब्लिक का यह सहयोग कानून व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण साबित हो रहा है।” इस गिरफ्तारी से उम्मीद जगी है कि पुलिस और जनता के बीच के मजबूत संबंध अपराधियों को पकड़ने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। जनता की सतर्कता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से जिले में कानून व्यवस्था को बनाए रखने में मदद मिल रही है।  

जशपुर पुलिस ने फरार आरोपियों पर घोषित किया नकद इनाम, 8 प्रकरणों में कुल 40 हजार का इनाम

IMG 20241017 WA0019

जशपुर, 17 अक्टूबर 2024: जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से जशपुर पुलिस ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए नकद इनाम की घोषणा की है। पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने विभिन्न गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी में मदद करने वाले लोगों के लिए कुल 40,000 रुपये का इनाम घोषित किया है। इस इनाम के तहत हर मामले में 5000 रुपये की राशि दी जाएगी। पुलिस ने अपील की है कि जो कोई भी इन फरार आरोपियों की पुख्ता जानकारी देगा, उसका नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा। प्रमुख फरार आरोपी और उनके खिलाफ प्रकरण: 1. अन्नू घांसी: वर्ष 2011 में हत्या के प्रयास और अन्य गंभीर अपराधों में लिप्त आरोपी अन्नू घांसी (25), जो आरा चौकी, जशपुर का निवासी है, घटना के बाद से फरार है। 2. प्रेम कुमार गेडाम: धार्मिक सौहार्द्र बिगाड़ने के आरोपी प्रेम कुमार गेडाम, जो महाराष्ट्र के चंद्रपुर का निवासी है, 2022 में अपराध करने के बाद से फरार है। 3. कृष्णा यादव: लूट और डकैती के आरोपी कृष्णा यादव (20), निवासी बिदुरपुर यादवपारा, फरसाबहार, 2023 में वारदात के बाद से फरार है। 4. मो. शहीद खान: छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम के उल्लंघन के मामले में आरोपी शहीद खान (40), गुमला (झारखंड) का निवासी है, जो जनवरी 2023 से फरार है। 5. लाल खान उर्फ लल्लू खान: पशु तस्करी के मामलों में लिप्त और 2022 से फरार चल रहे लाल खान पर भी इनाम की घोषणा की गई है। 6. उमेश यादव: हत्या के प्रयास और अन्य गंभीर अपराधों में फरार उमेश यादव (2019 से), जो करडेगा, जशपुर का निवासी है, पर भी इनाम घोषित किया गया है। 7. मनोज कण्डुलना: सिमडेगा (झारखंड) निवासी मनोज कण्डुलना, जो डकैती और आम्र्स एक्ट के तहत फरार है, पर भी इनाम घोषित किया गया है। 8. इन्ताब खान और अन्य: पशु क्रूरता और धार्मिक भावनाओं को आहत करने के मामलों में फरार इन्ताब खान और उसके साथी, जो 2020 से फरार हैं, पर भी इनाम की घोषणा की गई है।   पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने जनता से अपील की है कि फरार अपराधियों की गिरफ्तारी में मदद करें। जो कोई भी व्यक्ति इन आरोपियों की जानकारी देगा, उसका नाम गुप्त रखा जाएगा और उसे 5000 रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा। संपर्क के लिए महत्वपूर्ण फोन नंबर: 1. पुलिस अधीक्षक जशपुर: 9479193600 2. अति. पुलिस अधीक्षक: 9479193601 3. पुलिस अनु. अधि.: 9479193605 4. थाना प्रभारी कुनकुरी: 9479193613 5. थाना प्रभारी जशपुर: 9479193608 6. थाना प्रभारी तपकरा: 9479193609    

जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: जाली नोट व्यापार में शामिल दो और आरोपी गिरफ्तार

IMG 20241015 WA0042

जशपुर, 15 अक्टूबर 2024: जशपुर पुलिस ने जाली नोटों के व्यापार में लिप्त फरार आरोपियों सुधन यादव और मंगलू उर्फ मंगल मालाकार को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले इस मामले में सम्पत कुमार टोप्पो, ललित कुमार त्रिपाठी, और अर्जुन राम को पहले ही हिरासत में लिया जा चुका है। पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान एक मोटरसाइकिल और HP Ink Tank 316 कलर प्रिंटर भी जब्त किया, जिसका इस्तेमाल जाली नोट छापने में किया जा रहा था। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी मंगलू उर्फ मंगल मालाकार अपने ससुराल ग्राम में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे वहां से गिरफ्तार किया। वहीं, सुधन यादव को उसके गांव से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने नकली नोटों के व्यापार में अपनी संलिप्तता कबूल की है। इससे पहले, 30 जून 2024 को पुलिस ने सम्पत कुमार टोप्पो को 500 रुपये के 150 जाली नोटों और 49 हजार रुपये असली नकदी के साथ गिरफ्तार किया था। सम्पत ने खुलासा किया था कि उसे ललित त्रिपाठी ने नकली नोटों के बदले असली नोट देने का लालच दिया था। इसके बाद पुलिस ने ललित त्रिपाठी और अर्जुन राम को भी गिरफ्तार किया था। मामले की जांच जारी है, और पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 489(बी), 489(सी), और 120(बी) के तहत मामला दर्ज किया है।  

‘अतिथि जशपुर से सुंदर यादें लेकर जाएं’ थीम पर विकास प्राधिकरण की पहली बैठक को ऐतिहासिक बनाने में जुटा प्रशासन

Picsart 24 10 14 18 49 49 096

जशपुर, 14 अक्टूबर 2024 / मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 21 अक्टूबर को मयाली डेम में होने जा रही सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की बैठक में शामिल होंगे। इसको लेकर कलेक्टर डॉ. रवि मित्तल और पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक बुलाई और सभी तैयारियों को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि यह एक महत्वपूर्ण बैठक है, और इसमें किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिया कि अतिथियों का स्वागत जशपुर के पारंपरिक रीति-रिवाज से किया जाएगा और भोजन में स्थानीय पारंपरिक, पौष्टिक व्यंजनों को परोसा जाएगा। साथ ही, उन्होंने चिकित्सा टीम को सक्रिय रहने और सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा जिला प्रशासन अतिथियों को जशपुर के प्राकृतिक सौंदर्य से परिचित कराने के लिए विशेष योजना बना रहा है, ताकि मेहमान इस क्षेत्र से सुंदर यादें लेकर जाएं। स्वागत द्वार पर सरगुजा संभाग के प्रमुख पर्यटन स्थलों की फोटो प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी ताकि अतिथि इन स्थानों की खूबसूरती का अनुभव कर सकें। इस बैठक में उप मुख्यमंत्री और विभिन्न मंत्री भी शामिल हो सकते हैं। कलेक्टर ने विशेष व्यवस्था के तहत माइक, एलईडी स्क्रीन, साफ-सफाई, पेयजल और बिजली की पूरी तैयारी के निर्देश दिए हैं। हम आपको बताते चलें कि मयाली नेचर कैम्प सीएम श्री साय की कुनकुरी विधानसभा का बड़ा पर्यटन केंद्र है।यहां मधेश्वर पर्वत जिसे विश्व का सबसे बड़ा प्राकृतिक शिवलिंग कहा जाता है,बड़ा मनमोहक है।मयाली नेचर कैम्प पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के समय तत्कालीन विधायक रोहित साय की बड़ी देन है।जिसे पिछली भूपेश सरकार में मनाली जैसा पर्यटन विकास करने की भरपूर कोशिश विधायक यू डी मिंज ने की थी।यह कुनकुरी विधानसभा की किस्मत थी कि कांग्रेस के सिटिंग एमएलए यूडी मिंज चुनाव हार गए और राजनीति के सूर्य विष्णुदेव साय एमएलए बनते ही मुख्यमंत्री बन गए।अब सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण के पदेन अध्यक्ष होने के नाते पहली बैठक सीएम की विधानसभा में 21 अक्टूबर को होने जा रही है तो जाहिर है सबकुछ  ऐतिहासिक ही होगा।  

पत्थलगांव में दुर्गा विसर्जन के दौरान महिलाओं के साथ चेन स्नेचिंग, 11 महिलाएं गिरफ्तार, 8 मंगलसूत्र बरामद

IMG 20241013 122940

जशपुर/पत्थलगांव,13 अक्टूबर 2024 – जशपुर जिले के पत्थलगांव में दुर्गा विसर्जन के दौरान उमड़ी भीड़ के बीच चेन स्नेचिंग की बड़ी घटना सामने आई है। इस वारदात को कुसमी क्षेत्र की महिला अपराधियों के एक गिरोह ने अंजाम दिया। गिरोह की महिलाएं भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं से सोने की चेन छीन रहीं थीं। शहर में दुर्गा विसर्जन के मौके पर उमड़ी भीड़ में कई महिलाओं के गले से सोने की चेन गायब हो गई, जिसके बाद पत्थलगांव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 11 महिला अपराधियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से चोरी गए 8 सोने के मंगलसूत्र भी बरामद किए गए हैं। पत्थलगांव थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से गिरोह की गतिविधियों को पकड़ा। पुलिस को शिकायत मिलने के बाद हाई स्कूल कॉलोनी की श्रीमती तोष कुंवर, सारसमार बांदीपारा की श्रीमती सत्यवती निषाद, पुरानी बस्ती की श्रीमती पूजा गुप्ता और अन्य महिलाओं की चेन स्नेचिंग की पुष्टि हुई। सीसीटीवी फुटेज में महिलाओं का गिरोह साफ तौर पर चेन स्नेचिंग करते हुए दिखा, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की और 11 महिलाओं को हिरासत में लिया। जशपुर एसपी शशिमोहन सिंह ने बताया कि दुर्गा विसर्जन के दौरान भीड़ में कई महिलाओं के साथ चेन स्नेचिंग की घटनाएं हुई हैं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीन महिलाओं को मौके पर ही हिरासत में लिया और उनसे पूछताछ के बाद 11 अन्य महिलाओं को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने अब तक 8 मंगलसूत्र बरामद किए हैं, और आगे की जांच जारी है। आरोपी महिलाएं शातिर ढंग से चोरी को अंजाम देती थीं, वे अपने साथ छोटे बच्चों को लेकर आती थीं ताकि पकड़े जाने पर बच्चों के बहाने खुद को मासूम दिखा सकें।