सीएम साय की पहल : गौ संरक्षण पर आधारित परीक्षा का सफल आयोजन, 100 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

जशपुर,11 जनवरी2025 – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के आह्वान पर प्रदेशभर में गौ संरक्षण और संवर्धन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विद्यार्थियों के लिए “गौ: धर्म और विज्ञान” विषय पर परीक्षा का आयोजन किया गया। इसी क्रम में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बंदरचुवा में भी यह परीक्षा सफलतापूर्वक आयोजित की गई।

इस परीक्षा में 100 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया और गौ माता से जुड़ी धार्मिक, सांस्कृतिक और वैज्ञानिक जानकारियों पर आधारित प्रश्नों का उत्तर दिया। विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी के लिए विशेष पुस्तकों की व्यवस्था की गई थी, जिसमें गौ माता के महत्व और संरक्षण की जानकारी दी गई थी।

परीक्षा का आयोजन प्राचार्य गुप्तेश्वर साय के मार्गदर्शन में हुआ, जबकि नोडल अधिकारी रविंद्र शर्मा ने इसके सफल संचालन में अहम भूमिका निभाई। इसके अलावा, इस आयोजन में अयोध किशोर गुप्ता, विमल मनहर और शांता एक्का ने भी सक्रिय सहयोग प्रदान किया।

इस परीक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों में गौ संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें धार्मिक व वैज्ञानिक दृष्टिकोण से प्रेरित करना था। आयोजन को लेकर विद्यार्थियों और शिक्षकों के बीच उत्साह देखा गया, और इसे समाज में गौ संरक्षण की भावना को बढ़ावा देने की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।

गौ संरक्षण के प्रति यह पहल न केवल विद्यार्थियों को ज्ञानवर्धक बना रही है, बल्कि समाज को एक नई दिशा देने का भी प्रयास कर रही है।