हम ही बनाए हैं, हम ही संवारेंगे: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पत्थलगांव को नगर पालिका का दर्जा दिलाया

जशपुर, 20 मई 2025 – छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अगुवाई में पत्थलगांव को बड़ी सौगात मिली है। अब पत्थलगांव नगर पंचायत नहीं, बल्कि नगर पालिका के रूप में पहचाना जाएगा। राज्य शासन द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, पत्थलगांव को नगर पालिका में सम्मिलित करने हेतु छत्तीसगढ़ राजपत्र में अधिसूचना प्रकाशित कर दी गई है।

छत्तीसगढ़ नगर पालिका अधिनियम 1961 की धारा 5 के तहत नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर अटल ने दिनांक 1 मई 2025 को यह अधिसूचना जारी की है। इसमें स्पष्ट किया गया है कि नगर पालिका पत्थलगांव की सीमाएं वही होंगी, जो वर्तमान में नगर पंचायत पत्थलगांव की हैं। वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार, इस क्षेत्र की जनसंख्या 16,613 है।

इस ऐतिहासिक निर्णय पर पत्थलगांव विधायक ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि— “यह निर्णय न केवल क्षेत्र के विकास की नई दिशा तय करेगा, बल्कि भाजपा के इस संकल्प को भी दर्शाता है कि हम ही बनाए हैं, हम ही संवारेंगे।”

स्थानीय नागरिकों में भी इस घोषणा के बाद हर्ष का माहौल है। उम्मीद की जा रही है कि नगर पालिका बनने से पत्थलगांव में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और नगरीय विकास को नई गति मिलेगी।