*राज्य के सभी ब्लॉक मुख्यालयों में आज किसान सम्मेलन एवं कृषि संगोष्ठी*

IMG 20241116 WA0001

*कृषक उन्नति योजना से लाभान्वित कृषकों का होगा सम्मान* रायपुर, 21 दिसम्बर 2024/ किसानपुत्र मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार के गठन के एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 21 दिसंबर को राज्य के सभी ब्लॉक मुख्यालयों में किसान सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य राज्य सरकार की किसान हितैषी योजनाओं और उपलब्धियों को जनसामान्य तक पहुंचाना है। किसान सम्मेलन में कृषक उन्नति योजना के लाभान्वित किसानों और प्रगतिशील किसानों का सम्मान किया जाएगा। कृषि संगोष्ठी का भी आयोजन होगा। किसानों को उन्नत खेती के लिए प्रेरित और प्रोत्साहित करने के साथ ही सरकार की किसान हितैषी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए जागरूक किया जाएगा। गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ राज्य देश का एकमात्र ऐसा राज्य है, जहां किसानों को उनकी उपज का सर्वाधिक मूल्य दिया जा रहा है। राज्य सरकार प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी समर्थन मूल्य पर कर रही है। इसके साथ ही, समर्थन मूल्य और आदान सहायता को मिलाकर किसानों को प्रति क्विंटल धान का मूल्य 3100 प्रदान किया जा रहा है। बीते वर्ष छत्तीसगढ़ ने 145 लाख मेट्रिक टन धान की रिकॉर्ड खरीदी की थी। इस साल खरीफ की फसल के बेहतर उत्पादन के कारण 160 लाख मेट्रिक टन धान की खरीदी का अनुमान है। छत्तीसगढ़ केंद्रीय पूल में धान का दूसरा सबसे बड़ा योगदानकर्ता राज्य है। छत्तीसगढ़ सर्वाधिक किसानों से धान खरीदने के मामले में देश में प्रथम स्थान पर है। कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को आदान सहायता दी जा रही है। इसके अतिरिक्त, राज्य सरकार ने शून्य प्रतिशत ब्याज पर कृषि ऋण, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार करने के साथ ही भूमिहीन किसानों की सहायता के लिए दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर सहायता योजना के लिए बजट में राशि का प्रावधान किया है। छत्तीसगढ़ सरकार का संकल्प किसानों को सशक्त बनाना और राज्य की अर्थव्यवस्था को कृषि आधारित विकास के माध्यम से सुदृढ़ करना है। किसानों से अपील की गई है कि वे अपने-अपने ब्लॉक के किसान सम्मेलन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ उठाएं।

कानूनी किताबों के गायब होने की सूचना पर पुलिस ने खूब बहाया पसीना,किताबवाले ने कहा – नहीं देखी ऐसी पुलिस,,,,

IMG 20241218 152218

कुनकुरी,18 दिसम्बर 2024 – कानून की किताबें बेचने वाले स्वतंत्र कुमार त्रिपाठी का किताबों से भरा बैग, जिसमें महत्त्वपूर्ण पुस्तकें थीं, कुनकुरी बस स्टेशन पर गायब हो गया था। घटना की जानकारी मिलते ही कुनकुरी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बैग को खोज निकाला और उसे सुरक्षित वापस किया। घटना उस समय हुई जब श्री त्रिपाठी बस से कुनकुरी आ रहे थे। जैसे ही बस कुनकुरी बस स्टेशन पहुंची, उन्होंने पाया कि उनकी किताबों से भरा बैग गायब है। इस पर उन्होंने तत्काल कुनकुरी थाना पहुंचकर थाना प्रभारी सुनील सिंह को सूचना दी। थाना प्रभारी ने मामले की गंभीरता को समझते हुए प्रधान आरक्षक सुरेश लकड़ा और आरक्षक जितेंद्र गुप्ता,भूपेंद्र यादव सहित अपनी टीम को कांसाबेल से कुनकुरी के बीच यात्रा कर रहे संदिग्ध यात्रियों और बैग की तलाश में रवाना किया। इस दौरान पुलिस को सूचना मिली कि रायगढ़ रोड पर डुगडुगिया क्षेत्र में एक संदिग्ध लावारिस बैग पड़ा है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बैग की तलाशी ली। बैग में श्री त्रिपाठी की महत्वपूर्ण कानून की किताबें सुरक्षित पाई गईं, जिन्हें बाद में थाना लाया गया। श्री त्रिपाठी ने बताया कि किताबों का मूल्य 8 से 10 हजार रुपये के बीच है। लेकिन इन्हें अलग-अलग प्रकाशनों और स्थानों से मंगाने में काफी मेहनत लगती है। इन किताबों के गायब होने से उन्हें गहरी चिंता हुई थी, क्योंकि ये उनके ग्राहकों की मांग पूरी करने के लिए बेहद जरूरी थीं। कुनकुरी पुलिस की सतर्कता और तेज कार्रवाई से सभी किताबें सुरक्षित मिल गईं। श्री त्रिपाठी ने थाना प्रभारी सुनील सिंह और उनकी टीम को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनकी त्वरित कार्रवाई ने बड़ी परेशानी से बचा लिया। यह घटना कुनकुरी पुलिस की कार्यकुशलता और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

जशपुर में जन्म प्रमाण-पत्र के लिए विशेष शिविर, बिचौलियों से सावधान रहने की अपील

IMG 20241217 WA0000

— कलेक्टर ने अवैध वसूली पर सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश जशपुर, 16 दिसंबर 2024: जशपुर जिले में विद्यार्थियों की अपार आईडी बनाने के लिए जन्म प्रमाण-पत्र की बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने विशेष शिविरों का आयोजन करने का निर्णय लिया है। कलेक्टर  रोहित व्यास ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों (एसडीएम) को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जल्द से जल्द इन शिविरों का आयोजन करें और जन्म प्रमाण-पत्र जारी करना सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि जन्म प्रमाण-पत्र बनवाने के लिए सरकार द्वारा निर्धारित शुल्क के अतिरिक्त किसी भी प्रकार का कोई शुल्क नहीं देना होगा। उन्होंने पालकों से अपील की है कि वे बिचौलियों और दलालों से सावधान रहें, जो अवैध रूप से पैसे वसूलने का प्रयास कर सकते हैं। यदि कोई व्यक्ति जन्म प्रमाण-पत्र बनवाने के नाम पर अवैध वसूली करता है, तो उसकी सूचना तत्काल प्रशासन को दी जाए। ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं। शिविरों के माध्यम से होगा समाधान जिले के कई विद्यार्थियों की अपार आईडी केवल इस कारण नहीं बन सकी है, क्योंकि उनके पास जन्म प्रमाण-पत्र उपलब्ध नहीं है। इस समस्या को हल करने के लिए प्रशासन ने तिथिवार विशेष शिविर आयोजित करने का फैसला किया है। इन शिविरों का आयोजन जिले के सभी शैक्षणिक संकुलों में किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों और उनके पालकों को यह सुविधा आसानी से उपलब्ध हो सके। बिचौलियों और दलालों से रहें सतर्क प्रशासन ने पालकों से अपील की है कि वे ऐसे लोगों से सतर्क रहें, जो जन्म प्रमाण-पत्र बनवाने के नाम पर पैसे ऐंठने की कोशिश करते हैं। कलेक्टर ने चेतावनी दी है कि इस तरह की गतिविधियों में लिप्त किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता और जागरूकता जन्म प्रमाण-पत्र न केवल शैक्षणिक पहचान के लिए, बल्कि सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ लेने के लिए भी आवश्यक है। यह कदम विद्यार्थियों के भविष्य को सुरक्षित करने और शिक्षा प्रणाली को सुगम बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल है। प्रशासन ने नागरिकों से इस पहल को सफल बनाने में सहयोग की अपील की है। विशेष शिविरों का लाभ उठाएं और जन्म प्रमाण-पत्र बनाने के लिए सही प्रक्रिया अपनाएं। छात्रहित में काम करनेवाले संगठनों ने कलेक्टर के इस पहल का स्वागत करते हुए कहा है कि यह पहल न केवल विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने में सहायक होगी, बल्कि नागरिकों को जागरूक कर भ्रष्टाचारमुक्त और पारदर्शी प्रक्रिया को बढ़ावा भी देगी।  

सड़क सुरक्षा को लेकर एसपी सड़क पर उतरे, ओवरस्पीड,ड्रंक एंड ड्राइव पर कड़ी कार्रवाई

IMG 20241216 WA0016

जशपुर, 15 दिसंबर 2024 – जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और उनकी वजह से हो रही मौतों पर नियंत्रण के लिए जशपुर पुलिस ने सख्त कदम उठाए हैं। पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर जिलेभर में एक विशेष अभियान चलाया गया, जिसमें ओवरस्पीड और नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की गई। सख्त नियम और भारी जुर्माना नए अभियान के तहत शराब पीकर वाहन चलाने पर 10,000 रुपये और ओवरस्पीड पर 1,000 रुपये का जुर्माना लगाया जा रहा है। इसके अलावा, गंभीर मामलों में चालकों को अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक खुद सड़क पर उतरे जिले के समस्त थाना और चौकी क्षेत्रों में रविवार को विशेष अभियान चलाया गया, जिसमें पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने व्यक्तिगत रूप से अभियान की निगरानी की। उन्होंने कहा, “जिले में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस हरसंभव कदम उठाएगी। आने वाले दिनों में यह अभियान और भी व्यापक रूप से चलाया जाएगा।” कई वाहन चालकों पर हुई कार्रवाई अभियान के दौरान, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की गई। ओवरस्पीड मामलों में चालान: अशोक यादव (जांजगीर चापा), विसेदर कुजूर (काई कछार), सूरज सिंह (जशपुर), जसवंत कुजूर (आस्ता), और अल्विश मिंज (राइपाठ) पर ओवरस्पीड वाहन चलाने के लिए चालानी कार्रवाई की गई। शराब पीकर वाहन चलाने पर कार्रवाई: इरशाद खान (जशपुर) सहित अन्य चार मामलों में चालकों को न्यायालय में पेश किया गया। कुनकुरी थाना क्षेत्र में भी शराब पीकर वाहन चलाने के तीन मामलों में अंकित एक्का (महुवा लता), अभिषेक एक्का (डीपा टोली), और धनेश्वर यादव (कुनकुरी) के खिलाफ कार्रवाई की गई। जागरूकता और सतर्कता का आह्वान जशपुर पुलिस न केवल चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है, बल्कि यातायात नियमों के प्रति जागरूकता भी फैला रही है। पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सड़क पर सुरक्षा का ध्यान रखें। जशपुर पुलिस का यह अभियान सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

शहीद परिवारों के सम्मान में आयोजित हुआ विशेष कार्यक्रम

IMG 20241216 WA0004

जशपुर, 16 दिसंबर 2024 – जिले के रक्षित केंद्र में आज शहीद परिवारों के सम्मान में एक भावपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले के शहीदों के परिजनों को कलेक्टर रोहित व्यास (भा.प्रा.से) और पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह (भा.पु.से) द्वारा शाल, श्रीफल और मिठाई भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मुख्य सचिव (छत्तीसगढ़ शासन) के निर्देशानुसार राज्य सरकार के गठन के एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न शहीद परिवार उपस्थित रहे। कलेक्टर  रोहित व्यास ने अपने संबोधन में शहीद परिवारों को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन उनकी हर समस्या के समाधान के लिए तत्पर है। उन्होंने कहा, “हम आपके परिवार का हिस्सा हैं। किसी भी परेशानी के लिए निःसंकोच संपर्क करें। आपकी समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।” पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने शहीद परिवारों का धन्यवाद करते हुए कहा, “आपके परिवार के बलिदान ने इस मिट्टी की आजादी को मजबूत किया है। जशपुर पुलिस हर सुख-दुख में आपके साथ है।”  

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में सुशासन का एक साल: रायमुनी भगत

IMG 20241215 WA0006

जशपुर, 15 दिसंबर 2024: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने पर विधायक रायमुनी भगत ने ‘‘सुशासन का एक साल, छत्तीसगढ़ हुआ खुशहाल’’ विषय पर उपलब्धियां साझा कीं। उन्होंने कहा कि सरकार ने सुशासन, पारदर्शिता और भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है। किसानों को 3100 रुपए प्रति क्विंटल पर धान खरीदी और दो साल का बकाया बोनस जारी कर राहत दी गई। 18 लाख प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीबों को आवास उपलब्ध कराए गए। महतारी वंदन योजना से 70 लाख माताओं को 6530 करोड़ रुपए का लाभ मिला। जनजातीय समाज के विकास के लिए कदम उठाए गए हैं, तेंदूपत्ता दर बढ़ाकर 5500 रुपए की गई। पर्यटन और उद्योग को प्रोत्साहित करने के साथ एमएसएमई मंत्रालय की स्थापना की गई। प्रदेश में नक्सलवाद उन्मूलन और शिक्षा में नवाचार के तहत नई शिक्षा नीति लागू की गई। जशपुर में 220 बिस्तरों वाला अस्पताल और मयाली नेचर कैंप के विकास के लिए 10 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर प्रदीप साहू, डिप्टी कलेक्टर हरिओम द्विवेदी और अन्य गणमान्य उपस्थित थे।  

झांसेबाज प्रेमी पुलिस के हत्थे चढ़ा,नई प्रेमिका से शादी करने की भनक से पुरानी प्रेमिका का दर्द थाने में छलका

IMG 20241214 174200

जशपुर, 14 दिसंबर 2024: जशपुर पुलिस ने महिला अपराधों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए शादी का झांसा देकर दैहिक शोषण करने वाले फरार आरोपी को लैलूंगा, जिला रायगढ़ से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह (भा.पु.से.) ने कहा कि जशपुर पुलिस महिला संबंधी अपराधों में त्वरित और कठोर कार्रवाई के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। बीते माह 15 नवंबर 2024 को जशपुर जिले के एक थाने में पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी अमरदीप तिग्गा वर्ष 2023 से शादी का प्रलोभन देकर उसका दैहिक शोषण कर रहा था। जब पीड़िता ने विवाह के लिए दबाव डाला तो आरोपी ने शादी से साफ इंकार कर दिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376(2)(n) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया और उसकी तलाश शुरू कर दी आरोपी अमरदीप तिग्गा घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था। जशपुर पुलिस ने साइबर सेल की मदद से आरोपी के लैलूंगा, जिला रायगढ़ में छिपे होने की जानकारी जुटाई। पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देश पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को लैलूंगा से हिरासत में लिया। एसपी का सख्त संदेश जशपुर पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा, “महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों के प्रति जशपुर पुलिस पूरी तरह सजग है। अपराधियों के खिलाफ त्वरित और कठोर कार्रवाई की जाएगी ताकि जिले में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।” इस कार्रवाई में एसडीओपी विनोद कुमार मंडावी, डीएसपी अजाक/क्राइम भावेश समरथ, उपनिरीक्षक खोमराज सिंह ठाकुर, आरक्षक शिव शंकर और आरक्षक अविनाश लकड़ा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जशपुर पुलिस: अपराध के खिलाफ और सुरक्षा के साथ जशपुर पुलिस का यह कदम महिला सुरक्षा के प्रति उसकी संवेदनशीलता और अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। पुलिस ने जनता से अपील की है कि महिलाओं के खिलाफ किसी भी अपराध की सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।  

जशपुर एसपी शशिमोहन सिंह के विशेष अभियान के तहत प्रतिबंधित नशीली दवाओं का मास्टरमाइंड गिरफ्तार

IMG 20241214 WA0011

जशपुर,14 दिसम्बर 2024 : जिले में युवाओं और बच्चों को नशे के जाल से बचाने के लिए पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत जशपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने प्रतिबंधित स्पास्मो प्रॉक्सीवॉन (ट्रामाडोल) दवा बेचने वाले मास्टरमाइंड को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 13 दिसंबर 2024 को मुखबिर की सूचना पर नार्कोटिक्स टीम द्वारा कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान कुनकुरी के मस्जिद मोहल्ला निवासी आरोपी मकसूद उर्फ मिस्टर से 407 नग प्रतिबंधित नशीली दवा के कैप्सूल, एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया। जब्त सामग्रियों की कुल कीमत लगभग 30,000 रुपये आंकी गई है।पुलिस ने इससे पहले कुनकुरी के ड्रग पैडलर दिवाकर ताम्रकार और तारा बाबा पर प्रतिबंधित दवा पकड़े जाने पर कार्रवाई की जा चुकी है। एसपी शशिमोहन सिंह का युवाओं के नाम सन्देश : नशीली चीजों का सेवन करने से आपकी सेहत,आपका कैरियर ,आपकी आर्थिक स्थिति सबकुछ बर्बाद हो जाएगा।ये घुन की तरह आपको खा जाएगा।इसलिए आप लोग अपने कैरियर पर ध्यान दें।पुलिस नशीली दवाओं के कारोबार को बंद करने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है।इसमें शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।इसको लेकर जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। विशेष अभियान की सफलता पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने बताया कि जिले में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार को जड़ से समाप्त करने के लिए सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि आरोपी पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वरिष्ठ अधिकारियों का मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक संतोष तिवारी, सहायक उप निरीक्षक ईश्वर प्रसाद वारले,प्रधान आरक्षक ढलेश्वर यादव, आरक्षक नंदलाल यादव,चंद्रशेखर बंजारे,सुरेश एक्का,औषधि निरीक्षक योगेश परस्ते की विशेष भूमिका रही। जिले के नागरिकों ने पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह के इस अभियान की सराहना की है और इसे युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया है। पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे नशे के कारोबार से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए तुरंत पुलिस को सूचित करें।  

कुनकुरी में करोड़ों के विकास कार्यों का भूमिपूजन: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के एक साल के कार्यकाल की बड़ी उपलब्धि

IMG 20241214 102859 1

जशपुर/कुनकुरी 14 दिसम्बर 2024 : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य में विकास की गंगा बहाने के उद्देश्य से उनकी सरकार के एक साल पूरे होने पर शुक्रवार को नगर पंचायत में करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का भूमिपूजन किया गया। इस ऐतिहासिक मौके पर नगरवासियों में हर्ष और उत्साह का माहौल रहा। कार्यक्रम का आयोजन विसर्जन तालाब घाट पर किया गया, जहां भूमिपूजन को पंडित राहुल मिश्रा और राम बैगा ने विधिवत संपन्न कराया। कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अजेम टोप्पो, उपाध्यक्ष जगदीश आपट, जिला पंचायत उपाध्यक्ष उपेंद्र यादव, और कई अन्य जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की विकासशील सोच की सराहना की। विकास कार्यों की सूची: छठ घाट सफाई: ₹1 करोड़ स्ट्रीट लाइट्स: ₹98 लाख विसर्जन तालाब सौंदर्यीकरण: ₹98 लाख अमृत मिशन: ₹43 करोड़ सीसी रोड और नाली निर्माण: ₹2.36 करोड़ युवाओं के लिए जिम: ₹98 लाख अटल परिसर: ₹20 लाख जय स्तंभ चौक सौंदर्यीकरण: ₹22 लाख रिक्रिएशन पार्क: अन्य योजनाओं के साथ शामिल मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच की प्रशंसा कार्यक्रम में उपेंद्र यादव, कैलाशनाथ गुप्ता, बृजलाल राणा और अमन शर्मा जैसे वक्ताओं ने इन योजनाओं को मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच का परिणाम बताया। उनके अनुसार, विकास के ये कार्य न केवल नगर पंचायत के स्वरूप को बदलेंगे, बल्कि लोगों के जीवनस्तर में भी सुधार लाएंगे। नगर पंचायत सीएमओ प्रवीण उपाध्याय ने कार्यक्रम का समापन करते हुए सभी गणमान्य अतिथियों और जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि इन विकास कार्यों का सफल क्रियान्वयन क्षेत्र के विकास को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा। इस कार्यक्रम में अमन शर्मा, श्रीनायक मिश्रा, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष सुदबल राम यादव, पार्षद राजेश ताम्रकार, बोबी ताम्रकार, पूरन गुप्ता, अभिषेक झा और अमित मिश्रा समेत कई अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हुए। नगरवासियों में उत्साह इन योजनाओं की घोषणा और भूमिपूजन से नगरवासियों में भारी उत्साह है। स्थानीय नागरिकों ने इसे क्षेत्र के विकास के लिए मील का पत्थर बताया और मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। कुनकुरी में हुए इन विकास कार्यों के भूमिपूजन ने क्षेत्र को विकास के पथ पर आगे बढ़ाने का एक और मजबूत कदम उठाया है।  

बांग्लादेशी नाव में मछलियों को लेकर विवाद, ओडिशा मरीन फिश प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन ने पीएम मोदी से हस्तक्षेप की मांग की

IMG 20241213 WA0007

कोलकाता,13 दिसम्बर 2024 – भारतीय जलक्षेत्र में मछली पकड़ते पकड़ी गईं दो बांग्लादेशी नावों और 78 मछुआरों को तटरक्षक बल द्वारा जब्त किया गया था। हालांकि, इन नावों और मछुआरों को गृह और विदेश मंत्रालय की अनुमति मिलने के बाद ही छोड़ा जा सकेगा। लेकिन इसी बीच नावों में मौजूद 170 टन मछलियों को लेकर विवाद गहरा गया है। ओडिशा मरीन फिश प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन का विरोध ओडिशा मरीन फिश प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन ने इस मामले पर सवाल उठाते हुए सरकार को चेतावनी दी है। संघ ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर कहा कि यह मछलियां भारतीय मछुआरों का अधिकार हैं और उन्हें किसी भी हाल में बांग्लादेश को नहीं सौंपा जाना चाहिए। इस विवाद को लेकर संघ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र भेजा है। संघ का आरोप: संघ ने आरोप लगाया कि 16 अक्टूबर को भारतीय नाव “जय जगन्नाथ” और “बसंती” को बांग्लादेश तटरक्षक बल ने पकड़ा और उनमें मौजूद 30 टन मछलियों को वहीं नीलाम कर दिया।हमारे 60 मछुआरे अभी तक रिहा नहीं किये गए हैं। इसके बावजूद भारतीय सरकार ने बांग्लादेशी नावों और मछुआरों को तुरंत माफी देकर वापस जाने दिया। सरकार पर सवाल ओडिशा मरीन फिश प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष श्रीकांत कुमार परिडा ने कहा, “हमारी सरकार का रवैया बांग्लादेश के प्रति नरम क्यों है? 170 टन भारतीय मछलियां हमारे मछुआरों की आजीविका हैं। सरकार चाहे नावें छोड़ दे, लेकिन हम मछलियों को नहीं छोड़ेंगे।” संघ की चेतावनी उन्होंने आगे कहा कि यदि सरकार ने तुरंत हस्तक्षेप नहीं किया, तो 15 लाख मछुआरे विरोध प्रदर्शन करेंगे और बांग्लादेशी नावों को रोकने के लिए मजबूर होंगे। — प्रधानमंत्री के नाम पत्र का सारांश (हिंदी अनुवाद) सेवा में, माननीय प्रधानमंत्री, श्री नरेंद्र मोदी, विषय: बांग्लादेशी नावों से जब्त की गई मछलियों की नीलामी के संबंध में हस्तक्षेप की मांग श्रीकांत परिडा, अध्यक्ष, ओडिशा मरीन फिश प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन ने पत्र के माध्यम से लिखा है कि जब भारतीय नावें बांग्लादेश द्वारा पकड़ी जाती हैं, तो न केवल नाव और मछुआरों को दंडित किया जाता है, बल्कि उनकी मछलियों को भी जब्त कर नीलाम कर दिया जाता है। पत्र में उन्होंने आग्रह किया कि जब्त की गई 170 टन मछलियों को तुरंत नीलाम किया जाए और उससे होने वाली आय को स्थानीय मछुआरा समुदाय के कल्याण के लिए उपयोग किया जाए। उन्होंने लिखा: “यह न केवल हमारी राष्ट्रीय संप्रभुता का उल्लंघन है, बल्कि स्थानीय मछुआरों की आजीविका पर भी प्रभाव डालता है। यदि सरकार तुरंत कार्रवाई नहीं करती, तो यह स्थानीय मछुआरों और समुद्री पारिस्थितिकी पर बुरा प्रभाव डालेगा।” निवेदन: “आपके नेतृत्व में हमें विश्वास है कि यह मुद्दा जल्द ही भारतीय मछुआरों के अधिकारों और हितों की रक्षा करते हुए सुलझाया जाएगा।” Yours faithfully, श्रीकांत परिडा अध्यक्ष, ओडिशा मरीन फिश प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन