बुरी खबर: पेट्रोल पंप पर करंट लगने से तीन युवकों की दर्दनाक मौत, एक गंभीर रूप से घायल

1002532781

सावधान! आप घर को रौशनी से भर देने के लिए झालर लगा रहे हैं तो यह खबर पढ़ने के बाद जरूर सावधानी बरतें। पेट्रोल पम्प को दीपावली पर रौशनी से जगमगाने के लिए झालर लगाने में बड़ी लापरवाही बरती गई है। मुंगेली/सरगांव,29 अक्टूबर2024 – जिले के सरगांव थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें पेट्रोल पंप में झालर लगाते समय करंट लगने से तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, ये युवक पेट्रोल पंप पर दिवाली की सजावट के लिए झालर लगा रहे थे। अचानक बिजली की चपेट में आने से तीन युवकों की जान चली गई, और एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही सरगांव पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच के आदेश दिए हैं।  

बड़ी खबर – दीपावली पर जनसंपर्क अधिकारी पर ‘पटाखे फूटे’,मंत्री-मुख्यमंत्री की होर्डिंग लगाने पर गिरी गाज

1002534726

रायपुर,29 अक्टूबर2024- दीपावली की होर्डिंग लगाना छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अमर प्रकाश सावंत के लिए भारी पड़ गया। पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी की अनुमति के बिना विभाग द्वारा लगाए गए एक होर्डिंग ने सावंत के लिए मुसीबत खड़ी कर दी, जिसके चलते उन्हें निलंबित कर दिया गया है। रायपुर में पर्यावरण संरक्षण मंडल ने दिवाली से जुड़ी होर्डिंग्स लगाई थीं, जिनमें मंत्री ओपी चौधरी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की तस्वीरें थीं। बिना आधिकारिक अनुमति के लगाए गए इन होर्डिंग्स को मंत्री ने गंभीरता से लिया और इसे सरकारी अधिकारियों के अनुशासनहीनता का मामला बताते हुए सावंत को सस्पेंड करने का आदेश दिया। इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मचा है और इसे “सिर पर पटाखे फूटे” जैसा मामला माना जा रहा है, जहां सावंत को अपनी अनजानी गलती का खामियाजा भुगतना पड़ा।  

‘विष्णु’ के घर श्रीराम सदन बगिया से अयोध्या में भाँचा श्रीराम के चरणों तक जाएगी मिट्टी,छत्तीसगढ़ से सायकिल पर जा रहा यश जशपुर पहुंचा,,,

1002533825

जशपुर,28 अक्टूबर 2024 – राजनांदगांव जिले के यश सोनी सायकिल पर सवार होकर श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या की यात्रा पर निकले हैं। छग के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गृहनिवास बगिया स्थित श्रीराम सदन में श्री साय के पारिवारिक सदस्य ने तुलसी चौरा की मिट्टी दी है।इस मिट्टी को छत्तीसगढ़ के पावन स्थलों से ली हुई मिट्टी के साथ मिलाकर प्रभु श्रीराम के चरणों तक पहुंचाएंगे। यश सोनी ने बताया कि वे 20 तारीख को राजनांदगांव के अपने घर से हीरो की सामान्य सायकिल लेकर अयोध्या के लिए निकले हैं।इस यात्रा का उद्देश्य बताते हुए कहा कि पिछले साल मैंने सायकिल से छग के पूरे 33 जिले का भ्रमण करते हुए मिट्टी एकत्रित किया था। मेरे दिमाग मे आया कि प्रत्येक व्यक्ति जिसकी आस्था-प्रार्थना प्रभु श्रीराम तक व्यस्तता,बीमारी या अन्य परिस्थिति अनुसार नहीं पहुंच पा रही है तो मेरे दिमाग में विचार आया छत्तीसगढ़ की मिट्टी लेकर पूरे छत्तीसगढ़ की प्रार्थना प्रभु श्रीराम तक पहुंचाऊं और मैं लक्ष्य की ओर निकल पड़ा हूँ।यश ने इस बात का जिक्र भी किया कि कल 27 अक्टूबर को रास्ते में जगह-जगह मेरे बैग की जांच की गई,जिससे आने में काफी परेशानी हुई।यश ने यह भी बताया कि जशपुर में रात्रि विश्राम के बाद वह बिहार के लिए रवाना होगा जहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलकर आगे बढ़ेगा।सायकिल यात्री यश ने एक सप्ताह में अयोध्या पहुंचने की उम्मीद जताई है।

सरकारी रोलर चोरी कर कबाड़ में बेचने वाला धराया,6 महीने से पुलिस को चकमा दे रहा था आरोपी तनवीर

1002533474

जशपुर,28 अक्टूबर 2024 – जशपुर पुलिस ने आखिरकार शासकीय रोलर चोरी मामले में 6 महीने से फरार मुख्य आरोपी मो. तनवीर अंसारी को पकड़ लिया है। ये वही शख्स है जिसने अपने साथी की मदद से सरबकोंबो में PWD का रोलर चुराकर झारखंड में कबाड़ के रूप में बेच दिया था। इस वारदात को अंजाम देने के लिए उसने बाकायदा क्रेन और ट्रक का इस्तेमाल किया था, जिससे रोलर को उठाकर आरा और सकरडेगा रोड से झारखंड पहुंचाया। इस कार्रवाई में जशपुर पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर एक विशेष टीम बनाई गई, जिसने साइबर सेल की सहायता से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। लंबे समय से फरार चल रहे तनवीर को रायपुर से हिरासत में लिया गया, जहां वह ट्रक चला रहा था। पूछताछ में उसने रोलर चोरी कर कबाड़ में बेचने की बात कबूल की और बताया कि उसे 30 हजार रुपए मिले थे, जिसमें से केवल 3 हजार ही बचा पाया। पुलिस ने तनवीर को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है और अन्य चार फरार आरोपियों की तलाश जारी है।प्रकरण की विवेचना कार्यवाही एवं आरोपी को गिरफ्तार करने में निरीक्षक रामसाय पैंकरा, स.उ.नि. भुनेष्वर भगत, स.उ.नि. नसरूद्दीन अंसारी, आर. 685 मुकेश पाण्डेय का योगदान रहा है। पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह द्वारा कहा गया है कि :-” शासकीय रोलर चोरी करने के मामले में मुख्य आरोपी मो. तनवीर अंसारी को गिरफ्तार कर लिया गया है, आरोपी के संबंध में झारखंड पुलिस से संपर्क कर और जानकारी जुटाई जा रही है कि यह इस प्रकार के कितने अपराधों में सम्मिलित रहा है, शेष फरार 04 आरोपियों की सघन पतासाजी की जा रही है।”  

जशपुर जिले को स्वास्थ्य सेवा में बड़ी सौगात, 35.53 करोड़ से होगा जगदेव राम उरांव स्मृति चिकित्सालय का आधुनिकीकरण

1002533078

जशपुर,28 अक्टूबर2024 – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रयासों से जिले को स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ी सुविधा मिलने जा रही है। गम्हरिया रोड पर वनवासी कल्याण आश्रम द्वारा संचालित जगदेव राम उरांव स्मृति चिकित्सालय का 35.53 करोड़ की लागत से आधुनिकीकरण किया जाएगा। एनटीपीसी लारा ने इस परियोजना के लिए राशि स्वीकृत कर दी है। इसके बाद यह अस्पताल 100 बिस्तरों के साथ आधुनिक उपकरणों से लैस होगा, जिससे जशपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को लाभ मिलेगा। इससे पहले, मुख्यमंत्री ने जिले में 220 बिस्तर का एक अत्याधुनिक अस्पताल और मेडिकल कॉलेज बनाने की भी घोषणा की थी। साथ ही, पिछले 10 महीनों में 15 अतिरिक्त एंबुलेंस, डायलिसिस केंद्र, और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को अपग्रेड करने जैसे कई कदम भी उठाए गए हैं।  

* I.A.S. रोहित व्यास ने जशपुर कलेक्टर का पदभार किया ग्रहण*ऑफिस स्टॉफ ने किया स्वागत*

1002531229

जशपुर 28 अक्टूबर 2024 –  जशपुर जिले के नवपदस्थ कलेक्टर आईएएस रोहित व्यास ने आज जिला कार्यालय में अपना पदभार ग्रहण कर लिया। श्री व्यास ने जिले के 20वें कलेक्टर के रूप में आज से कार्य शुरू कर दिया है। उल्लेखनीय है कि कलेक्टर श्री व्यास 2017 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी है। श्री व्यास ने 28 अगस्त 2017 को आईएएस की सर्विस ज्वाइन की। लाल बहादुर शास्त्री प्रशिक्षण अकादमी में ट्रेनिंग के बाद रोहित की फील्ड पोस्टिंग के लिए राजनांदगांव में सहायक कलेक्टर के तौर पर नियुक्ति हुई। फिर 3 महीने तक भारत सरकार के एमएसएमई मंत्रालय में अवर सचिव रहे। वहां से वापस लौट कर जशपुर जिले के बगीचा में एसडीएम, बगीचा के बाद मुंगेली और बस्तर के जिला पंचायत में सीईओ, बस्तर के बाद दुर्ग जिले के भिलाई नगर निगम आयुक्त, दुर्ग जिले के अपर कलेक्टर भी रहे। फिर सरगुजा संभाग के सूरजपुर जिले के कलेक्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं।

सूरजपुर में डबल मर्डर मामले में प्रशासन का सख्त एक्शन, आरोपी के अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर

1002530811

सूरजपुर 28 अक्टूबर 2024, सूरजपुर जिले में डबल मर्डर के सनसनीखेज मामले में प्रशासन ने कड़ा कदम उठाते हुए आरोपी कुलदीप साहू के अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया है। बता दें कि 13 अक्टूबर को आरोपी कुलदीप ने अपने साथियों के साथ मिलकर प्रधान आरक्षक तालिब शेख की पत्नी और बेटी की निर्मम हत्या कर दी थी। इस जघन्य अपराध के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया था, और स्थानीय लोगों ने आरोपी के घर को गिराने की मांग की थी। प्रशासन द्वारा मामले की गंभीरता को देखते हुए कार्रवाई की शुरुआत करते हुए आरोपी के घर पर अवैध निर्माण का नोटिस चस्पा किया गया था। सूरजपुर नगरपालिका और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने तड़के सुबह कार्रवाई को अंजाम देते हुए आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाया और अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। “प्रशासन द्वारा अतिक्रमण के खिलाफ नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई की गई है।” समीर शर्मा, तहसीलदार सूरजपुर “जिला प्रशासन और पुलिस ने मिलकर इस कार्रवाई को सफलतापूर्वक संपन्न किया है।”संतोष महतो, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूरजपुर  

महामहिम द्रौपदी मुर्मू की फोटो के पीछे खड़ा पर्वत कौन सा है?क्या है इसकी कहानी?जानने के लिए क्लिक करिए,,

1002527905

रायपुर 27 अक्टूबर 2024/ राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु अपने दो दिवसीय प्रवास पर छत्तीसगढ़ में थीं। अपने प्रवास के दूसरे दिन आज राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में मुख्यमंत्री श्री साय द्वारा आयोजित दोपहर के भोज में शामिल हुईं l इस दौरान राष्ट्रपति मुर्मु की मुख्यमंत्री श्री साय और उनके परिवारजनों तथा अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ ग्रुप फोटो हुई। इस ग्रुप फोटो की खास बात यह थी कि इसके बैकड्रॉप में जशपुर का खूबसूरत मधेश्वर पहाड़ प्रदर्शित था। उल्लेखनीय है कि मधेश्वर पहाड़ जशपुर जिले के कुनकुरी ब्लॉक में स्थित है जो कि विश्व के सबसे बड़े शिवलिंग के रूप में पूजा जाता है। छत्तीसगढ़ के आदिवासी बाहुल्य जशपुर जिला मुख्यालय से 35 किलोमीटर दूर मयाली ग्राम में स्थित मधेश्वर पहाड़ की आकृति शिवलिंग जैसी है। ग्रामीण इसकी पूजा करते हैं और इसे विश्व के सबसे बड़े शिवलिंग होने का गौरव प्राप्त है। यहाँ सैलानी दूर-दूर से आते हैं और प्रकृति से अपने आप को जोड़ते हैं। मधेश्वर पहाड़ पर पर्वतारोहण भी किया जाता है। जशपुर जिले में एडवेंचर स्पोर्टस और पर्यटन के विकास की अपार संभावनाएं मौजूद है। विगत 22 अक्टूबर को मयाली नेचर कैम्प में सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की बैठक मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित की गई थी। जिसमें मंत्रीगणों के साथ सरगुजा प्राधिकरण के सदस्यगण भी शामिल हुए थे। मयाली नेचर कैम्प को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा। प्रकृति के गोद में बसा जशपुर अपनी मनमोहक छंटा के कारण लोगों को सहज ही अपनी और आकर्षित कर रहा है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज रौतिया समाज के करमा महोत्सव कार्यक्रम में शामिल होने कंडोरा आएंगे

1002527704

जशपुर/कुनकुरी- आज दिनांक 27/10/2024 को दोपहर लगभग 1:00 बजे ग्राम पंचायत कंडोरा के (आम्बा बगीचा) में रौतिया समाज द्वारा, प्रदेश स्तरीय करमा महोत्सव अखिल भारतीय रौतिया विकास परिषद छत्तीसगढ़ प्रान्त के तत्वाधान में बड़े ही धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस कार्यक्रम में शामिल होने आ रहे मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, राजनांदगांव सांसद संतोष पाण्डे, बस्तर सांसद महेश कश्यप, रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया, पत्थलगांव विधायक श्रीमति गोमती साय, पूर्व संगठन मंत्री (भाजपा) रामप्रताप सिंह, झारखंड, उड़ीसा, पश्चिम बंगाल, असम के प्रान्तीय समिति एवं सदस्य, समाज बंधु गण शामिल होंगे। इस दौरान कम से कम 5000 करमा नर्तक, कलाकार कार्यक्रम में शामिल होंगे, वहीं कोरबा, जांजगीर, चांपा, बिलासपुर, सरगुजा, कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर एवं रायगढ़ जिले से भी लोग शामिल होंगे।

पदयात्रा का तीसरा दिन: बगिया के 5 किमी के दायरे में लगी धारा 144 (बीएनएसएस की नई धारा163)। तोड़ने वाले पर होगी 188 की कारवाई

IMG 20241026 105806

जशपुर,27 अक्टूबर2024– जिले में चल रही ईसाई आदिवासी न्याय पदयात्रा के तीसरे दिन लोयोला हाईस्कूल के सामने से नेशनल हाइवे से शुरू होकर कृषि महाविद्यालय पंडरीपानी से गुजर रही है।अंतिम पड़ाव सीएम कैम्प बगिया रखा गया है। शनिवार को लोरो घाटी में पदयात्रा को रोकने के दौरान हुई घटनाओं के मद्देनजर सुरक्षा बढ़ाते हुए बगिया के आसपास 5 किलोमीटर के दायरे में धारा 144 (नया खंड 163 बीएनएसएस) लागू कर दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिला दंडाधिकारी, कलेक्टर के इस आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ धारा 188 के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी। ज्ञात हो कि यह पदयात्रा ईसाई आदिवासी महासभा द्वारा जशपुर बीजेपी विधायक रायमुनी भगत द्वारा ईसाई धर्म के खिलाफ की गई टिप्पणी के विरोध में आयोजित की जा रही है। इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हो रहे हैं और आज इसका पड़ाव बगिया में निर्धारित किया गया है। प्रशासन और पुलिस द्वारा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे।