कुनकुरी, 20 फरवरी – आज गुरुवार सुबह करीब 5:30 बजे कुनकुरी शहर और आसपास के गांवों में हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, जिले में सुबह 9 बजे के आसपास हल्की बूंदाबांदी और शाम 4 से 6 बजे के बीच बारिश व आंधी की संभावना है।
इन दिनों आम के पेड़ बौर (मंजर) से लदे हुए हैं। ऐसे में हल्की बारिश से आम की फसल को फायदा होगा। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, इस समय हुई नमी से बौर को पोषण मिलेगा, जिससे आम की सेटिंग बेहतर होगी और फल अच्छी गुणवत्ता के बनेंगे।
कृषि वैज्ञानिक बताते हैं कि आम के पेड़ों के लिए यह हल्की बारिश लाभकारी है क्योंकि इससे फूलों को ताजगी मिलेगी और वातावरण में नमी बढ़ेगी। इससे फल बनने की प्रक्रिया तेज होगी। हालांकि, ज्यादा बारिश या तेज आंधी से फूल झड़ सकते हैं, जिससे उत्पादन प्रभावित हो सकता है।
किसानों का मानना है कि यदि बारिश सीमित मात्रा में होती है और तेज हवाएं नहीं चलतीं, तो इससे आम की फसल को अच्छा फायदा होगा। अब सभी की निगाहें मौसम पर टिकी हैं, क्योंकि आने वाले दिनों में मौसम का प्रभाव फसल उत्पादन पर महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।



















