जशपुर: पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में मतदान जारी, मतदाताओं में दिखा उत्साह

जशपुर, 20 फरवरी 2025 – जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण का मतदान आज सुबह 7 बजे से शुरू हो गया। जशपुर जिले की चार जनपद पंचायतों में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से जारी है।
जनपक्ष के संपादक संतोष चौधरी ने सुबह 7 से 8 बजे तक दो मतदान केंद्रों का दौरा कर मतदान प्रक्रिया का जायजा लिया।
धुमाडांड में दिखा मतदान का उत्साह

सुबह 7 बजे कुनकुरी जनपद क्षेत्र के धुमाडांड ग्राम पंचायत में बूथ क्रमांक 62 और 63 पर मतदान शुरू हो चुका था। मतदान केंद्रों के बाहर मतदाता उत्साह के साथ अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। इस बार पंच, सरपंच, जनपद सदस्य (बीडीसी) और जिला पंचायत सदस्य (डीडीसी) के लिए मतदान हो रहा है, जिसके कारण प्रत्येक मतदाता को चार बैलेट पेपर पर वोट देना पड़ रहा है। इससे प्रक्रिया में थोड़ी अधिक समय लग रहा है, लेकिन मतदाताओं का जोश बरकरार है।
गड़ाकटा में मतदान धीमा

सुबह 7:45 बजे गड़ाकटा ग्राम पंचायत के बूथ क्रमांक 128 पर भी मतदान जारी था, लेकिन यहां मतदाताओं में अपेक्षाकृत कम उत्साह देखने को मिला। निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदान सुबह 7 बजे से शुरू होकर दोपहर 3 बजे तक चलेगा। मतदान प्रक्रिया और समय सीमा की जानकारी हर बूथ के बाहर वॉल राइटिंग के जरिए पहले से दी गई थी, ताकि मतदाता समय पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
शांतिपूर्ण तरीके से हो रही वोटिंग

अभी तक मतदान केंद्रों पर कोई बड़ी परेशानी सामने नहीं आई है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। निर्वाचन अधिकारियों के मुताबिक, दिन बढ़ने के साथ मतदान प्रतिशत में और वृद्धि होने की संभावना है। 





















