जशपुर में फुटबॉल का महाकुंभ, मुख्यमंत्री साय ने किया समापन— रणजीता स्टेडियम के जीर्णोद्धार की घोषणा

बेंगलुरु की मद्रास इंजीनियरिंग ग्रुप बनी विजेता, मुख्यमंत्री ने कहा— खेल प्रतिभाओं को मिलेगा हरसंभव समर्थन

जशपुरनगर, 23 फरवरी 2025 | छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं को नई उड़ान देने की दिशा में सरकार का एक और बड़ा कदम। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज स्व. दिलीप सिंह जूदेव स्मृति अखिल भारतीय गोल्ड कप फुटबॉल टूर्नामेंट के समापन समारोह में शिरकत की और खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। उन्होंने घोषणा की कि रणजीता स्टेडियम का जीर्णोद्धार किया जाएगा, ताकि प्रदेश के युवा खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर सुविधाओं के साथ आगे बढ़ सकें।

खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन— ओलंपिक पदक विजेताओं को करोड़ों का इनाम

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि खेलों के विकास के लिए उनकी सरकार पूरी तरह समर्पित है। उन्होंने बताया कि ‘खेलो इंडिया’ योजना के तहत ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को 3 करोड़, रजत पदक विजेता को 2 करोड़ और कांस्य पदक विजेता को 1 करोड़ रुपए की इनामी राशि दी जाएगी। इससे प्रदेश के युवाओं को खेलों के प्रति और अधिक प्रोत्साहन मिलेगा।

8 फरवरी से 23 फरवरी तक चले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में देशभर के 16 राज्यों की सर्वश्रेष्ठ फुटबॉल टीमें शामिल हुईं। बेंगलुरु की मद्रास इंजीनियरिंग ग्रुप ने रोमांचक फाइनल में साउथ ईस्टर्न सेंट्रल रेलवे नागपुर को 1-0 से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की

यह टूर्नामेंट जशपुर के लिए ऐतिहासिक रहा, क्योंकि पांच साल बाद रणजीता स्टेडियम ने राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों की मेजबानी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन छत्तीसगढ़ में फुटबॉल को नई ऊंचाई देने वाला साबित होगा और स्टेडियम के उन्नयन से यहां और बड़े टूर्नामेंट आयोजित किए जा सकेंगे।

खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों की उमड़ी भीड़

इस भव्य आयोजन में जशपुर विधायक रायमुनि भगत, सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष और पत्थलगांव विधायक गोमती साय, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, नव-निर्वाचित पार्षद यश प्रताप सिंह जूदेव सहित कई जनप्रतिनिधि और खेलप्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

विष्णु सरकार— खेल संस्कृति को दे रही नया आयाम

छत्तीसगढ़ में खेलों को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार लगातार पहल कर रही है। फुटबॉल, मार्शल आर्ट्स, हॉकी और एथलेटिक्स में छत्तीसगढ़ को देश के अग्रणी खेल राज्यों में शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है। जशपुर में इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का सफल आयोजन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

दर्शकों ने उम्मीद जताई कि छत्तीसगढ़  खेलों की नई राजधानी बनने की ओर बढ़ रहा है, और रणजीता स्टेडियम का जीर्णोद्धार इसे और ऊंचाई तक ले जाएगा।