जशपुर जिला पंचायत में भाजपा की प्रचंड जीत, कांग्रेस सिमटी 3 सीटों पर

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में विकास को जनता का समर्थन, कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस का सूपड़ा साफ

जशपुर,24 फरवरी 2025 –  त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में जशपुर जिले की जनता ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन और विकास कार्यों पर मुहर लगाते हुए भाजपा को बड़ी जीत दिलाई। चुनावी नतीजों में भाजपा ने 9 जिला पंचायत सीटों पर कब्जा जमाया, जबकि कांग्रेस सिर्फ 3 सीटों तक सिमट गई। वहीं, 2 निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी जीत हासिल की।

कुनकुरी विधानसभा में भाजपा का क्लीन स्वीप
कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा ने पांचों जिला पंचायत सीटें जीतकर कांग्रेस को पूरी तरह साफ कर दिया। यहां कांग्रेस अपना खाता तक नहीं खोल पाई, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि जनता ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की नीतियों को खुलकर समर्थन दिया है।

भाजपा का चुनावी दमखम और विकास पर भरोसा

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में भाजपा ने एकजुटता और रणनीतिक मजबूती के साथ चुनाव लड़ा। सालों से जशपुर जिला पंचायत पर काबिज भाजपा ने अपनी पकड़ और मजबूत कर ली। क्षेत्रवासियों का मानना है कि मुख्यमंत्री बनने के बाद विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले में विकास की नई राहें खोली हैं। सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे बुनियादी मुद्दों पर तेजी से काम हुआ है, जिससे लोगों को सीधा लाभ मिला है।

भाजपा ने चुनाव प्रचार के दौरान केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाया, जिसका नतीजा भाजपा की प्रचंड जीत के रूप में सामने आया। मतदाताओं का कहना है कि सीएम साय की सरकार “सबका साथ, सबका विकास” की भावना को साकार कर रही है

स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ा सुधार, कुनकुरी में 220 बिस्तर अस्पताल

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर भी महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं। कुनकुरी में 220 बिस्तरों वाले अस्पताल को मंजूरी मिल चुकी है, जिससे क्षेत्र में बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध होंगी। हाल ही में कुनकुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डायलिसिस सुविधा शुरू की गई, जिससे मरीजों को बड़ी राहत मिली है। यह दर्शाता है कि मुख्यमंत्री जनता की जरूरतों को प्राथमिकता दे रहे हैं।

जिला पंचायत के निर्वाचित सदस्य

  1. गेंदबिहारी सिंह (निर्दलीय)
  2. आशिका कुजूर (कांग्रेस)
  3. मोनिका टोप्पो (निर्दलीय)
  4. शांति भगत (भाजपा)
  5. श्वेता भगत (कांग्रेस)
  6. शौर्य प्रताप सिंह जूदेव (भाजपा)
  7. मलिता बाई (भाजपा)
  8. अनिता सिंह (भाजपा)
  9. हिरामती पैंकरा (भाजपा)
  10. आरती सिंह (कांग्रेस)
  11. सालिक साय (भाजपा)
  12. सुरुचि पैंकरा (भाजपा)
  13. वेदप्रकाश भगत (भाजपा)
  14. दुलारी सिंह (भाजपा)

भाजपा का बढ़ता वर्चस्व, क्षेत्रवासियों का समर्थन बरकरार

भाजपा की इस ऐतिहासिक जीत से स्पष्ट हो गया कि जनता ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व पर भरोसा जताया है। जिला पंचायत के साथ-साथ जनपद पंचायतों में भी भाजपा का बहुमत साफ नजर आ रहा है। विकास कार्यों की गति और योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के कारण भाजपा को जनता का व्यापक समर्थन मिला है।

जशपुर में भाजपा की इस प्रचंड जीत ने आने वाले चुनावों के लिए भी एक मजबूत राजनीतिक संकेत दे दिया है