मयाली में शिव महापुराण कथा का शुभारंभ, भक्ति में डूबे श्रद्धालु

जशपुर, 21 मार्च 2025। हर हर महादेव के जयघोष से पूरा मयाली क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। शिव महापुराण कथा का वाचन कर रहे पंडित प्रदीप मिश्रा ने शिवभक्तों को भावविभोर कर दिया। पहले दिन उन्होंने कहा कि जो कैलाश मानसरोवर की यात्रा नहीं कर पाता, वह मधेश्वर महादेव के दर्शन कर जीवन धन्य कर सकता है। सनातन धर्म और भारत भूमि में जन्म लेना ही सौभाग्य की बात है। उन्होंने देवराज ब्राह्मण की कथा सुनाकर सार्थक जीवन का संदेश दिया।
कुनकुरी विकासखंड में स्थित विश्व के सबसे बड़े प्राकृतिक शिवलिंग, मधेश्वर महादेव के समीप हो रही शिव महापुराण कथा में छत्तीसगढ़ सहित विभिन्न राज्यों से श्रद्धालु पहुंचे हैं। 27 मार्च तक चलने वाली इस कथा में भक्त आध्यात्मिक आनंद का अनुभव करेंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी कौशल्या साय व परिवार के अन्य सदस्यों ने भी कथा का श्रवण किया।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। मंच, बैठक व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पंडाल, भोजन, पेयजल, पार्किंग, अस्थायी शौचालय, सुरक्षा, मेडिकल सुविधाओं सहित 40 बसों की विशेष व्यवस्था की गई है, जिससे भक्तगण सुगमता से कथा स्थल तक पहुंच सकें।





















