कुनकुरी के विकास के लिए विनयशील की पहल, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से आगामी दौरे में मुलाकात का कर रहे इंतजार

जशपुर,04 अप्रैल 2025 – कुनकुरी नगर पंचायत अध्यक्ष विनयशील ने 3 अप्रैल को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के बगिया प्रवास की सूचना मिलते ही उनसे भेंट का समय मांगा। हालांकि, मुख्यमंत्री के व्यस्त निजी कार्यक्रम और शीघ्र रायपुर वापसी के कारण, उनके ओएसडी ने आगामी दौरे में मुलाकात का आश्वासन दिया है।

विनयशील ने बताया कि वे शहर के विकास और प्रबंधन को लेकर मुख्यमंत्री से संवाद स्थापित कर उनका विश्वास प्राप्त करना चाहते हैं। उन्होंने ‘ख़बर जनपक्ष’ को बताया कि सरकार की मूल भावना के अनुरूप कुनकुरी के नागरिकों को विकास के हर संभव मॉडल से जोड़ना उनकी प्राथमिकता है। इसी दिशा में स्थानीय विधायक के साथ मुख्यमंत्री से भेंट कर जरूरी विषयों पर चर्चा करना आवश्यक है।

विनयशील का कहना है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से उनकी व्यक्तिगत पहचान भी है, और वे इस अवसर को कुनकुरी के समग्र विकास के लिए उनका आशीर्वाद लेने के रूप में भी देखते हैं। उनका मानना है कि मुख्यमंत्री से संवाद के माध्यम से स्थानीय समस्याओं के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति संभव है।

इस बीच, नगर में चल रहे विकास कार्यों को लेकर नगर पंचायत में हलचल बनी हुई है। बीते तीन दिनों से डेम की सफाई को लेकर अध्यक्ष और सीएमओ के बीच तनातनी की स्थिति बनी हुई है। स्थिति यहां तक पहुंच गई कि अध्यक्ष को फाइल देखने के लिए सीएमओ को आधिकारिक पत्र लिखना पड़ा।

नगर विकास से जुड़े इन महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा के लिए विनयशील मुख्यमंत्री से मुलाकात को आवश्यक मानते हैं। अब देखना होगा कि आगामी दौरे में यह बहुप्रतीक्षित भेंट कब और किस दिशा में अग्रसर होती है।